मंडी गोबिंदगढ़। लोहा नगरी मंडी गोबिंदगढ़ के अमलोह रोड पर स्थित एक गोदाम में भयानक हादसा होने की खबर समाने आई है. यहां गैस कटर से कार्य करते समय अचानक भीषण ब्लास्ट हो गया,इस दर्दनाक हादसे में गोदाम के मालिक की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं 3 अन्य मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और चारों तरफ अफरा-तफरी का माहौल बन गया. आग देखते ही देखते विकराल रूप ले ली और भयानक माहौल बन गया.

जानकारी के अनुसार, अमलोह रोड स्थित ‘भल्ला इंजीनियर्स’ नाम की फर्म के गोदाम में गैस कटर की मदद से लुक (तारकोल) के एक टैंकर को काटा जा रहा था. टैंकर की कटिंग के दौरान अंदर ज्वलनशील गैस भर जाने के कारण अचानक धमाका हो गया. धमाका इतना जोरदार था कि गोदाम में मौजूद मालिक और मजदूर इसकी चपेट में आ गए. देखते ही देखते आग विकराल रूप लेने लगी.

इस हादसे में फगवाड़ा निवासी गोदाम मालिक दलजीत कुमार भल्ला की घटनास्थल पर ही मौत हो गई वहीं, गैस कटिंग कर रहे कारीगर और वहां काम कर रहे अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए.

घटना स्थल पर मौजूद लोगों और पुलिस ने तुरंत सभी घायल मजदूरों को इलाज के लिए पास के सिविल अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, मजदूरों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.

सिविल अस्पताल मंडी के डॉक्टर ने बताया कि उनके पास 5 लोग बर्न मरीज आए थे, जिसमें एक डीके भल्ला की मौत हो चुकी थी.बृजेश नाम के मरीज गंभीर जख्मी था, जिसे चंडीगढ़ के सेक्टर 32 स्थित अस्पताल में रेफर किया गया. दशरथ यादव, पूनम देवी व इंदर कुमार को पटियाला के राजिंदरा रेफर किया गया. गौरतलब है कि करीब 10 दिन पहले भी इस गोदाम में आग लगने की घटना हुई थी. इसमें भी बड़ा नुकसान हुआ था.