देव चौहान, मंडीदीप (रायसेन)। मध्य प्रदेश के रायसेन जिले के औद्योगिक नगर मंडीदीप में पैसों के लेन-देन के विवाद को लेकर एक युवक की चाकुओं से गोदकर नृशंस हत्या करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात के बाद लहूलुहान हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अत्यधिक खून बह जाने के कारण उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए मंडीदीप पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चंद घंटों के भीतर ही वारदात में शामिल तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

32 वर्षीय जगदीश लोधी के रूप में हुई मृतक की पहचान 

मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान 32 वर्षीय जगदीश लोधी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि जगदीश ने आरोपी प्रेमनारायण, साहब सिंह और सूरज से कुछ रुपये उधार लिए थे। इसी पैसों के लेन-देन को लेकर पिछले कुछ समय से उनके बीच विवाद चल रहा था।

घर लौटते समय घोंपा चाकू 

घटना सोमवार रात की है, जब जगदीश लोधी अपने काम निपटाकर घर लौट रहा था। गज्जू पिपलिया मार्ग पर रेलवे लाइन ओवरब्रिज और जैन मंदिर के पास पहले से घात लगाए बैठे तीनों आरोपियों प्रेमनारायण, साहब सिंह और सूरज ने जगदीश को रास्ते में रोक लिया। पैसों को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते हाथापाई में बदल गई। इसके बाद आरोपियों ने अपने पास रखे धारदार चाकू से जगदीश पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया।

अस्पताल पहुँचने से पहले तोड़ा दम 

चाकूबाज़ी की इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के रहवासी तुरंत मौके पर पहुंचे और गंभीर रूप से घायल जगदीश को इलाज के लिए अस्पताल ले जाने लगे। लेकिन शरीर से बहुत अधिक खून बह जाने के कारण जगदीश ने अस्पताल पहुँचने से पहले ही रास्ते में दम तोड़ दिया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने चंद घंटों में आरोपियों को दबोचा 

हत्या की सूचना मिलते ही मंडीदीप पुलिस टीम तुरंत हरकत में आई और नाकाबंदी कर संभावित ठिकानों पर दबिश देना शुरू किया। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल तीनों आरोपियों प्रेमनारायण, साहब सिंह और सूरज को चंद घंटों के भीतर ही गिरफ्तार कर लिया।  

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m