देव चौहान,मंडीदीप/रायसेन । मध्य प्रदेश के रायसेन-मंडीदीप क्षेत्र से सटे प्रसिद्ध रातापानी टाइगर रिजर्व से एक दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। रातापानी रिजर्व के दाहोद रेंज अंतर्गत दाहोद डैम के पास एक बाघ का शव बरामद हुआ है। रिजर्व क्षेत्र के भीतर डैम के किनारे बाघ का शव मिलने की सूचना मिलते ही वन विभाग के आला अधिकारियों और अमले में हड़कंप मच गया।
करंट की चपेट में आने की आशंका
आशंका जताई जा रही है कि बाघ की मौत खेत या जंगल में बिछाए गए अवैध करंट की चपेट में आने से हुई हो सकती है। हालांकि, वन विभाग के अधिकारियों ने फिलहाल करंट से मौत की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग का भारी अमला तुरंत मौके पर पहुँचा। डीएफओ (DFO) समेत अन्य वरिष्ठ वनाधिकारी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
जांच के बाद होगा खुलासा
वन विभाग की डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीमें भी घटनास्थल के आसपास के क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चला रही हैं ताकि शिकार या करंट का कोई सुराग मिल सके। अधिकारियों का कहना है कि बाघ के शव का नियमानुसार पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


