पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश के मंडला जिले से सनसनीखेज खबर सामने आई है। जिले के बिछिया थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सिझौरा के फोक चौराहे पर आज सुबह एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। मृतक के शरीर पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिसके चलते परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है।

2-3 दिनों से लापता था युवक

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान राजू यादव के रूप में हुई है। राजू यादव पिछले 2 से 3 दिनों से अपने घर से लापता चल रहा था, और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। इसी बीच आज सुबह राहगीरों ने फोक चौराहे के पास उसका शव देखा और तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी।

शव पर मिले चोट के निशान 

घटना की सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के शरीर पर चोट के निशान मिलने से मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। जवान बेटे का शव मिलने के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्होंने सीधे तौर पर युवक की हत्या किए जाने की आशंका जताई है।

जांच में जुटी पुलिस 

बिछिया थाना पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर ली है और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से मामले की बारीकी से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असल कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m