पवन राय, मंडला। मध्य प्रदेश की मंडला संसदीय सीट से बीजेपी के वरिष्ठ सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते अपने एक अजीबोगरीब बयान को लेकर राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गए हैं। दिल्ली एम्स से इलाज करवाकर मंडला वापस लौटे सांसद कुलस्ते से जब डेंगू और स्थानीय स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर कांग्रेस के सवालों को लेकर प्रश्न पूछा गया, तो उन्होंने कहा कि “डेंगू से कोई नहीं मरता, अच्छा खाओ, अच्छा पियो और आराम करो!”

चक्कर आने के बाद दिल्ली एम्स में हुए थे भर्ती 

दरअसल, यह पूरा घटनाक्रम 18 सितंबर का है, जब अचानक मंडला स्थित अपने बंगले पर सांसद फग्गन सिंह कुलस्ते को चक्कर आ गए थे। प्राथमिक उपचार लेने के बाद उन्हें तुरंत दिल्ली के एम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 35-36 वर्षों से सांसद और पूर्व में केंद्रीय स्वास्थ्य राज्य मंत्री रह चुके कुलस्ते के दिल्ली जाकर इलाज कराने पर विपक्ष ने आक्रामक रुख अपना लिया था।

कांग्रेस विधायक ने उठाए थे सवाल 

कांग्रेस विधायक चेन सिंह वरकड़े ने सांसद कुलस्ते पर तीखा हमला बोलते हुए कहा था, “कुलस्ते जी 35-36 सालों से सांसद हैं और देश के स्वास्थ्य राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। इसके बावजूद उन्हें एक चक्कर आने पर इलाज के लिए दिल्ली एम्स भागना पड़ा। क्या इतने सालों में मंडला में एक भी ऐसा अस्पताल नहीं बन पाया जहाँ उनका इलाज हो सके?”

कुलस्ते का पलटवार 

दिल्ली एम्स में उपचार कराने के बाद जब सांसद कुलस्ते मंडला वापस लौटे, तो मीडिया ने उनसे कांग्रेस विधायक के आरोपों को लेकर सवाल किया। इस पर तल्ख लहजे में कुलस्ते ने कहा- “विधायक चेन सिंह कुछ भी कहें, तो मैं क्या करूँ? क्या उनके कहने से मैं मरूँगा? मैं पूरी तरह स्वस्थ हूँ और घबराने की कोई जरूरत नहीं है। डेंगू से किसी की मौत नहीं होती, बस अच्छा खाओ, अच्छा पियो और आराम करो।सांसद कुलस्ते के इस बयान के बाद एक बार फिर मंडला की स्थानीय स्वास्थ्य सुविधाओं और डेंगू जैसी गंभीर बीमारी को लेकर राजनीति गरमा गई है। 

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m