बलवंत भट्ट, मंदसौर। शहर के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) डॉ. गोविंद सिंह पर गाज गिरी है। प्रशासनिक अनियमितताओं और कई गंभीर शिकायतों के बाद उज्जैन संभाग आयुक्त (कमिश्नर) ने उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन की इस कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया है। डॉ. आर.के. द्विवेदी को मंदसौर का नया CMHO नियुक्त किया गया है।

कलेक्टर के प्रतिवेदन पर कार्रवाई

दरअसल मंदसौर कलेक्टर अदिति गर्ग ने डॉ. गोविंद सिंह के खिलाफ जांच के बाद एक विस्तृत प्रतिवेदन उज्जैन कमिश्नर को भेजा था। कलेक्टर के इसी प्रतिवेदन और शिकायतों की गंभीरता को ध्यान में रखते हुए उज्जैन कमिश्नर ने निलंबन के आदेश जारी किए।

विधायकों ने भी की थी गंभीर शिकायतें

डॉ. गोविंद के कामकाज को लेकर जनप्रतिनिधियों में भी असंतोष था। सुवासरा विधायक हरदीप सिंह डंग और मंदसौर विधायक विपिन जैन ने भी CMHO डॉ. सिंह की कार्यशैली और गड़बड़ियों को लेकर वरिष्ठ अधिकारियों से लिखित शिकायत की थी। निलंबित CMHO के खिलाफ लंबे समय से गंभीर शिकायतें अधिकारियों तक पहुंच रही थीं। मुख्य आरोपों में स्वास्थ्य विभाग में आउटसोर्स कर्मचारियों की नियुक्तियों में व्यापक अनियमितता और धांधली।

डॉ. द्विवेदी को कमान

डॉ. गोविंद सिंह के निलंबन के बाद व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए डॉ. आर.के. द्विवेदी को मंदसौर का नया मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO) बनाया गया है। प्रशासन की इस कार्रवाई से भ्रष्टाचार और अनियमितता में लिप्त अधिकारियों में हड़कंप का माहौल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m