मानेसर नगर निगम की मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव ने 8 पार्षदों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया है, जिससे अब हरियाणा के सभी 10 नगर निगमों पर भाजपा का पूर्ण नियंत्रण हो गया है।
गुरुग्राम, कृष्ण कुमार सैनी। प्रदेश की सियासत में आज एक बड़ा रणनीतिक बदलाव देखने को मिला जब मानेसर नगर निगम की मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव आधिकारिक तौर पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गईं। रेवाड़ी स्थित भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित एक विशेष कार्यक्रम के दौरान भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली और केंद्रीय राज्य मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने डॉ. यादव को पार्टी का पटका पहनाकर उनका स्वागत किया। मेयर के साथ ही 8 अन्य पार्षदों ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की, जिससे मानेसर नगर निगम के सियासी समीकरण पूरी तरह बदल गए हैं और निगम अब ‘भगवामय’ हो गया है।
निर्दलीय जीत से BJP के सफर तक की पूरी कहानी
गौरतलब है कि मार्च 2025 में हुए नगर निगम चुनावों में भाजपा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश के 10 में से 9 निगमों पर जीत दर्ज की थी, लेकिन मानेसर में डॉ. इंद्रजीत यादव ने निर्दलीय उम्मीदवार के रूप में भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी सुंदर लाल यादव को हराकर सबको चौंका दिया था। डॉ. यादव को शुरू से ही केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह का करीबी माना जाता रहा है। चर्चा यह भी थी कि उन्होंने चुनाव से पहले भाजपा से टिकट की मांग की थी, लेकिन टिकट न मिलने पर उन्होंने निर्दलीय चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। हालांकि, उस समय स्थानीय राजनीतिक विरोध के चलते उनकी भाजपा में एंट्री टल गई थी, जो अब एक साल बाद सफल हुई है।
सभी 10 निगमों पर भाजपा का कब्जा
मेयर डॉ. इंद्रजीत यादव और पार्षदों के इस कदम के साथ ही अब हरियाणा के सभी 10 नगर निगमों की कमान भाजपा के हाथों में आ गई है। प्रदेशाध्यक्ष मोहन लाल बड़ौली ने इस अवसर पर कहा कि मेयर और पार्षदों के आने से संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूती मिलेगी। राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह बदलाव केवल नगर निगम तक सीमित नहीं है, बल्कि आने वाले विधानसभा चुनावों और स्थानीय समीकरणों के लिहाज से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है। यह जॉइनिंग दक्षिण हरियाणा, विशेषकर मानेसर और गुरुग्राम बेल्ट में भाजपा की सत्ता पर पकड़ को और अधिक सुदृढ़ बनाती है।

