सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले से राष्ट्रभक्ति और जनभावनाओं को ठेस पहुंचाने वाली एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना सामने आई है। यहां के बरगवां थाना क्षेत्र अंतर्गत बाघाडीह गांव में देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के अग्रदूत, वीर क्रांतिकारी मंगल पांडे की स्थापित प्रतिमा को अज्ञात असामाजिक तत्वों द्वारा खंडित कर दिया गया। इस घटना के बाद से ही पूरे क्षेत्र के ग्रामीणों में भारी आक्रोश का माहौल है।

26 मई को होना था अनावरण, देर रात रची गई साजिश

जानकारी के अनुसार बाघाडीह गांव के लोगों ने आपसी सहयोग और चंदे से इस प्रतिमा को तैयार करवाकर स्थापित कराया था। इस गौरवमयी प्रतिमा का भव्य अनावरण कार्यक्रम 26 मई को प्रस्तावित था। लेकिन कार्यक्रम से ठीक पहले, देर रात असामाजिक तत्वों ने प्रतिमा को भारी नुकसान पहुंचाया। जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि देश के वीर सपूत की प्रतिमा नीचे गिरी हुई थी और क्षतिग्रस्त थी।

प्रतिमा तोड़ना स्वतंत्रता संग्राम के वीर सपूत का अपमान: ग्रामीण

जैसे ही यह खबर गांव और आसपास के इलाकों में फैली, बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। ग्रामीणों का कहना है कि यह केवल एक पत्थर की मूर्ति तोड़ने की घटना नहीं है, बल्कि यह देश की आजादी के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले वीर सपूत और पूरे देश की भावनाओं का सीधे तौर पर अपमान है। आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से दोषियों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

बरगवां थाने में मामला दर्ज, जांच में जुटी पुलिस

इस मामले में बाघाडीह निवासी प्रतीक कुमार पांडे ने बरगवां थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला पंजीकृत कर लिया है। बरगवां निरीक्षक समीर वारसी ने बताया कि मामले में अपराध दर्ज कर लिया गया है और पुलिस की टीमें आसपास के क्षेत्रों में सुराग जुटाने के साथ-साथ पूरे मामले की बारीकी से जांच कर रही हैं। आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m