Lifestyle Desk – Mango Barfi : गर्मियों का मौसम हो और आम का स्वाद न लिया जाए, ऐसा भला कैसे हो सकता है. आम से बने शेक, आइसक्रीम और आमरस तो आपने कई बार खाए होंगे, लेकिन अगर इस बार कुछ नया और खास ट्राई करना चाहते हैं तो घर पर स्वादिष्ट मैंगो बर्फी जरूर बनाएं. यह मिठाई न सिर्फ खाने में लाजवाब होती है, बल्कि इसे बनाने के लिए मावा या ज्यादा सामग्री की भी जरूरत नहीं पड़ती. कुछ आसान चीजों की मदद से आप मिनटों में मुलायम और स्वाद से भरपूर मैंगो बर्फी तैयार कर सकते हैं. आइए जानते हैं मैंगो बर्फी बनाने की विधि.

सामग्री

पके आम का गूदा-1 कप
मिल्क पाउडर-1 कप
घी-2 बड़े चम्मच
चीनी-1/2 कप
दूध-1/4 कप
कटे हुए पिस्ता या बादाम सजाने के लिए

विधि

  1. सबसे पहले आम का गूदा निकालकर उसे अच्छी तरह ब्लेंड कर लें ताकि उसमें कोई गांठ न रहे. अब एक नॉन-स्टिक पैन में घी गर्म करें और उसमें आम का गूदा डालकर मध्यम आंच पर 4-5 मिनट तक पकाएं.
  2. जब गूदे का कच्चापन खत्म हो जाए, तब उसमें चीनी डालकर लगातार चलाते रहें. चीनी घुलने के बाद दूध और मिल्क पाउडर डालें.
  3. मिश्रण को लगातार चलाते रहें ताकि उसमें गांठें न बनें. कुछ ही मिनटों में यह मिश्रण गाढ़ा होकर पैन छोड़ने लगेगा. जब मिश्रण एकसार और गाढ़ा हो जाए, तब गैस बंद कर दें.
  4. अब एक प्लेट या ट्रे में हल्का घी लगाकर मिश्रण को उसमें फैलाएं और ऊपर से कटे हुए पिस्ता या बादाम डाल दें. इसे चम्मच की मदद से बराबर कर लें. कमरे के तापमान पर ठंडा होने दें और फिर लगभग 1 घंटे के लिए फ्रिज में रख दें.
  5. जब बर्फी अच्छी तरह सेट हो जाए, तब इसे मनचाहे आकार में काट लें. मुलायम, खुशबूदार और आम के स्वाद से भरपूर यह बर्फी बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आएगी. किसी खास मौके पर मेहमानों को परोसने के लिए भी यह एक बेहतरीन मिठाई है.

ध्यान रखने वाली बातें

  1. हमेशा मीठे और पके हुए आम का इस्तेमाल करें.
  2. मिश्रण को लगातार चलाते रहें ताकि वह जले नहीं.
  3. अधिक स्वाद के लिए इसमें इलायची पाउडर भी मिला सकते हैं.
  4. बर्फी को एयरटाइट डिब्बे में रखकर 4-5 दिनों तक स्टोर किया जा सकता है.