झज्जर। हरियाणा के झज्जर में जेल में बंद गैंगस्टर मैनपाल ढिल्ला ने गुरुवार को कंबोडिया की मेटाचान से शादी की। शादी के लिए मैनपाल को 12 घंटे की कस्टडी पैरोल मिली थी। वह सुबह करीब 8 बजे जेल से शादी के लिए निकला और रस्में पूरी होने के बाद रात करीब 8 बजे वापस जेल लौट गया। शादी बादली गांव के एक फार्महाउस में हुई। समारोह में करीब 500 मेहमान शामिल हुए और सुरक्षा के लिए बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात रहे।

मैनपाल के जेल लौटने के बाद कंबोडिया से आई उसकी पत्नी मेटाचान तीन बच्चों के साथ अपने ससुराल बादली गांव पहुंचीं। परिवार के बीच वह काफी उत्साहित नजर आईं। उन्होंने मंगलसूत्र पहना हुआ था।

परिवार से बात करने के लिए फोन का ट्रांसलेशन फीचर

मेटाचान को हिंदी और अंग्रेजी नहीं आती। ऐसे में परिवार के लोगों से बातचीत के लिए फोन के ट्रांसलेशन फीचर की मदद ली गई। मीडिया के सवालों पर उन्होंने टूटी-फूटी अंग्रेजी में अपनी खुशी जाहिर की।

मेटाचान ने कहा कि उनकी शादी मैनपाल से हो गई है और वह भारत में रहकर खुश हैं। उन्होंने बताया कि उनके चार बच्चे हैं। इनमें तीन बच्चे भारत में उनके साथ हैं, जबकि एक कंबोडिया में है।

उन्होंने बच्चों के नाम बाहुबली, भगत, आस्था और अदाना बताए। मैनपाल से बातचीत को लेकर उन्होंने कहा कि दोनों फोन पर बात करते रहते हैं।

शादी के बाद ससुराल पहुंचीं मेटाचान

मैनपाल के जेल लौटने के बाद मेटाचान तीन बच्चों के साथ बादली गांव स्थित अपने ससुराल पहुंचीं। परिवार के लोगों ने उनका स्वागत किया। मेटाचान ने बातचीत के दौरान कहा कि वह अपने मम्मी-पापा के साथ खुश हैं। भाषा की परेशानी के बावजूद परिवार के लोग फोन के जरिए उनसे बातचीत करते रहे।

आठ साल बाद बेटे से मिलकर मां भावुक

मैनपाल की मां रोशनी देवी भी इस मौके पर भावुक नजर आईं। करीब आठ साल बाद बेटे से मिलने की बात पर उन्होंने अपनी भावनाएं जाहिर कीं। उन्होंने कहा कि अब बहू, पोता और पोती साथ हैं। इससे मैनपाल की कमी काफी हद तक पूरी होगी।

500 मेहमानों की मौजूदगी में हुई शादी

मैनपाल और मेटाचान की शादी बादली गांव के फार्महाउस में हुई। मेटाचान ने शादी के दौरान रेड लहंगा पहना था। मैनपाल ऑफ-व्हाइट रंग की शेरवानी में नजर आया।

शादी समारोह में करीब 500 मेहमान शामिल हुए। सुरक्षा के लिए 50 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। फार्महाउस के गेट पर आने वाले मेहमानों की आईडी, नाम और मोबाइल नंबर नोट किए गए।

मैनपाल को सुबह करीब 8 बजे फार्महाउस लाया गया था। शादी की रस्में पूरी करने के बाद उसे तय समय के भीतर वापस जेल ले जाया गया।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m