पंचकूला: माता मनसा देवी मंदिर में आने वाले पर्यटकों के लिए बड़ी सुविधा शुरू की गई है। अब मदद के लिए उन्हें नवरात्र या मेले का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने मंदिर के मुख्य द्वार पर हरियाणा की पहली स्थायी टूरिस्ट पुलिस पोस्ट का उद्घाटन किया।

इस पोस्ट की खास बात यह है कि यह केवल धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं रहेगी। सामान्य दिनों में भी यहां पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। पोस्ट 24 घंटे काम करेगी। यानी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जरूरत पड़ने पर किसी भी समय पुलिस की मदद मिल सकेगी।

तमिल, तेलुगु बोलने वाले पर्यटकों को भी मिलेगी मदद

इस पुलिस पोस्ट को खास बनाने की तैयारी तकनीक के जरिए की गई है। यहां आने वाले हर पर्यटक के लिए भाषा अब परेशानी नहीं बनेगी। दक्षिण भारत के राज्यों से आने वाले लोगों और विदेशी पर्यटकों की सुविधा के लिए पुलिसकर्मियों को विशेष टैब दिए जाएंगे।

मान लीजिए कोई पर्यटक तमिल, तेलुगु, कन्नड़ या मलयालम भाषा में अपनी परेशानी बताता है। ऐसी स्थिति में पुलिसकर्मी टैब में मौजूद अनुवाद सॉफ्टवेयर की मदद लेंगे। इससे पर्यटक की बात समझने और उसे उचित सहायता देने में आसानी होगी।

विदेशी भाषा बोलने वाले पर्यटकों के साथ भी यही व्यवस्था मददगार साबित हो सकती है। इसका उद्देश्य भाषा की बाधा को कम करना और जरूरत के समय पर्यटकों तक सहायता पहुंचाना है।

नवरात्र के बाद भी जारी रहेगी सुविधा

अक्सर बड़े धार्मिक स्थलों पर मेले और त्योहारों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई जाती है। लेकिन माता मनसा देवी मंदिर में शुरू की गई यह पुलिस पोस्ट स्थायी होगी। यहां नियमित पुलिस चौकी की तरह सेवाएं उपलब्ध रहेंगी।

डीसीपी क्राइम अमरिंदर सिंह ने बताया कि पुलिस पोस्ट केवल नवरात्र या मेले के दिनों में ही नहीं, बल्कि सामान्य दिनों में भी 24 घंटे सक्रिय रहेगी।

इस पहल से मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं और दूसरे राज्यों से पहुंचने वाले पर्यटकों को मदद मिलने की उम्मीद है। खासकर ऐसे लोग, जिन्हें स्थानीय भाषा समझने में परेशानी होती है, उनके लिए अनुवाद की सुविधा उपयोगी साबित हो सकती है।

अब यह व्यवस्था धार्मिक स्थल पर सुरक्षा के साथ-साथ पर्यटकों की समस्याएं सुनने और उन्हें सहायता देने में भी भूमिका निभाएगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m