अविनाश श्रीवास्तव, रोहतास। जिले से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है, जहां अकोढीगोला के सलूकपुर गांव की रहने वाली एक विवाहिता ने बिक्रमगंज में जहर खाकर खुदकुशी कर ली। इस खौफनाक कदम को उठाने से पहले महिला ने अपना वीडियो भी बनाया तथा परिजनों को मैसेज कर इसके बारे में जानकारी दी। घटना के बाद से परिजनों में मातम का माहौल छाया हुआ है।

साल 2023 में हुई थी शादी

मृतक महिला की पहचान नेहा सपना के रूप में हुई है, जिसकी शादी साल 2023 में पवन सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद ये दोनों दो बच्चों के माता-पिता भी बने। मिली जानकारी के अनुसार पति-पत्नी के बीच पिछले कई महीनो से विवाद चल रहा था, जिसे लेकर महिला अपने मायका दिनारा थाने के चिहरूआ में अपने दोनों बच्चों के साथ रहती थी।

बेटे को अपने साथ लेकर चला गया पिता

इस बीच कल बुधवार को महिला के पति ने अपनी पत्नी को दोनों बच्चों के साथ सुलह करने के लिए सासाराम के पायलट बाबा आश्रम में बुलाया, जहां दोनों की मुलाकात और बातचीत भी हुई। लेकिन इसी बीच फिर एक बार विवाद हो गया और महिला के पति पवन सिंह अपने ढाई वर्षीय पुत्र को अपने साथ लेकर घर चला गया। वहीं महिला तथा उसकी 6 महीने की बेटी जानवी को वहीं छोड़ दिया। इसके बाद नेहा सपना परेशान हो गई और अपने मायका नहीं जाकर बिक्रमगंज चली गई, जहां उसकी एक सहेली रहती थी।

स्कूल के प्रांगण में खाया जहर

बताया जाता है कि इसी दौरान उसने जहर खा लिया और एक स्कूल के प्रांगण में बैठ गई। जहर खाने से उसकी तबीयत ज्यादा बिगड़ने लगी तो वह अपने परिजनों को फोन करने लगी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे तथा नेहा सपना को इलाज के लिए बिक्रमगंज की एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के क्रम में नेहा सपना की मौत हो गई।

परिजनों ने पति पर लगाया प्रताड़ना का आरोप

मृतका के भाई का आरोप है कि पति के प्रताड़ना से परेशान होकर उसकी बहन ने यह कदम उठाया है। उसका पति उसके बच्चे जिगर कुमार को लेकर चला गया, तो वह यह सदमा बर्दाश्त नहीं कर पाई। वहीं, घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची बिक्रमगंज थाना की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की छानबीन में जुट गई।

ये भी पढ़ें- बेगूसराय: वार्डन रिंकू हत्याकांड मामले में बड़ा खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार