शरद पाठक, छिंदवाड़ा/चौरई। मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले के चौरई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झिरिया केरिया में 30 वर्षीय विवाहित महिला सरिता वर्मा की जहर खाकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए उसके खिलाफ FIR दर्ज करने की मांग की है।
क्या है मामला?
सरिता वर्मा मूल रूप से चिखली की रहने वाली थीं। उसकी शादी लगभग सात वर्ष पहले झिरिया केरिया गांव के रहने वाले युवक से हुई थी। परिजनों के अनुसार, सरिता ने बुधवार को जहर का सेवन कर लिया। उसे तुरंत चौरई स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उनकी हालत बिगड़ने पर उन्हें छिंदवाड़ा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उन्हें नागपुर रेफर कर दिया, लेकिन उपचार के दौरान सरिता ने दम तोड़ दिया।
मृतका के मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल पक्ष पर मानसिक व शारीरिक प्रताड़ना का आरोप लगाया है। उन्होंने आरोपियों पर उचित कार्रवाई की मांग करते हुए मृतक का शव लेकर चौरई थाने पहुंचे और FIR दर्ज करने की मांग की।
पुलिस ने शुरू की जांच
चौरई पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने परिजनों को आश्वासन दिया है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यह मामला एक बार फिर महिला सुरक्षा और वैवाहिक जीवन में होने वाली परेशानियों को लेकर सवाल खड़ा करता है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


