Maruti Suzuki Baleno Facelift : Automobile Desk: प्रीमियम हैचबैक मार्केट में अपनी पकड़ मजबूत करने के इरादे से मारुति सुजुकी ने बलेनो का नया फेसलिफ्ट मॉडल बाजार में लॉन्च कर दिया है. ₹6.10 लाख की शुरुआती एक्स-शोरूम कीमत पर आई इस कार में स्टाइल, केबिन और सेफ्टी से जुड़े कई बड़े अपडेट्स दिए गए हैं. कंपनी ने देशभर की NEXA डीलरशिप्स पर इसकी ऑफिशियल बुकिंग शुरू कर दी है. इस नए मॉडल की सबसे बड़ी खासियत इसमें जुड़ा Level-2 ADAS और नया 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन है.
Maruti Suzuki Baleno Facelift : डिजाइन में क्या-क्या बदला?
नई बलेनो का फ्रंट लुक अब पहले से ज्यादा बोल्ड और स्पोर्टी नजर आता है. सामने की तरफ नई बड़ी ग्रिल दी गई है, जिसमें ब्लैक हॉरिजॉन्टल स्लैट्स देखने को मिलते हैं. इसके साथ रिडिजाइन किया गया बंपर और फॉग लैंप हाउसिंग कार को बढ़िया रोड प्रेजेंस देते हैं.

इसके अलावा, कार में स्लिम LED हेडलैंप्स, 16-इंच के नए अलॉय व्हील्स, क्रोम एलिमेंट्स और रूफ पर शार्क-फिन एंटीना दिया गया है. पिछले हिस्से की बात करें तो टेल-लाइट्स और रियर बंपर में हल्के बदलाव हुए हैं. कलर ऑप्शंस में एक नया ‘Anigmatic Teal’ शेड भी जोड़ा गया है.
Maruti Suzuki Baleno Facelift : केबिन और फीचर्स
गाड़ी के अंदर बैठते ही मॉडर्न फीचर्स का अहसास होता है. हालांकि, डैशबोर्ड का बेसिक लेआउट पहले जैसा ही रखा गया है. इसमें 10.1-इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिलता है, जो वायरलेस Apple CarPlay और Android Auto कनेक्ट करता है. म्यूजिक के शौकीनों के लिए क्लेरियन का ऑडियो सिस्टम लगा है.

सफर को आरामदायक बनाने के लिए वेंटिलेटेड फ्रंट सीट्स, वायरलेस चार्जर, 360-डिग्री कैमरा और हेड-अप डिस्प्ले (HUD) जैसी सुविधाएं दी गई हैं. ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल, रियर AC वेंट्स और पुश-बटन स्टार्ट/स्टॉप जैसे फीचर्स केबिन को व्यावहारिक बनाते हैं.
सेफ्टी में बड़ा कदम
सुरक्षा के लिहाज से यह कार अपने सेगमेंट में नया बेंचमार्क सेट करती दिख रही है. पहली बार इसमें रडार और कैमरा आधारित Level-2 ADAS टेक्नोलॉजी मिली है. इसके तहत अडेप्टिव क्रूज कंट्रोल, लेन कीप असिस्ट और ऑटोमैटिक इमरजेंसी ब्रेकिंग जैसे फीचर्स काम करते हैं.
साथ ही 6 एयरबैग्स, ABS, EBD, ESC, हिल-होल्ड असिस्ट और TPMS को सभी वेरिएंट्स में स्टैंडर्ड रखा गया है.
इंजन और ट्रांसमिशन
परफॉर्मेंस के लिए नई बलेनो में 1.2-लीटर Z12E नैचुरली एस्पिरेटेड 3-सिलेंडर पेट्रोल इंजन दिया गया है. यह 5-स्पीड मैनुअल और AMT गियरबॉक्स ऑप्शन के साथ आता है. बेहतर माइलेज चाहने वालों के लिए फैक्ट्री-फिटेड CNG का विकल्प भी है. राहत की बात यह है कि इस बार CNG मॉडल में भी AMT (ऑटोमैटिक) चुनने की सुविधा दे दी गई है. भारतीय बाजार में इसका सीधा मुकाबला Tata Altroz और Hyundai i20 जैसी गाड़ियों से रहेगा.
Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H



