नारनौल/महेंद्रगढ़। हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री और हरियाणा कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह के नारनौल स्थित निवास पर बीती रात कुछ संदिग्ध हथियारों से लैस बदमाशों ने धावा बोल दिया। वारदात के वक्त पूरा परिवार घर के अंदर सो रहा था। समय रहते नौकरों की आंख खुलने से एक बड़ी अनहोनी टल गई। घटना के बाद से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है।
दीवार फांदकर घुसे 5 बदमाश, नौकरों को कमरों में किया बंद
राव नरेंद्र सिंह के भाई राव देवेंद्र सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका परिवार पिछले 50 सालों से महेंद्रगढ़ रोड की शिव कॉलोनी में रह रहा है। शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात (15-16 मई) करीब 3 बजे चार से पांच नकाबपोश बदमाश घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुस आए।
बदमाशों ने अंदर घुसते ही सबसे पहले शातिराना अंदाज में सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के तार काट दिए। इसके बाद उन्होंने सर्वेंट क्वार्टर के कमरों को बाहर से लॉक कर दिया ताकि कोई बाहर न आ सके। बदमाश किसी तेजधार कटर से घर के पीछे वाले दरवाजे का ताला और कुंडी काटने लगे।
हाथ में थी पिस्टल, स्टाफ ने खिड़की से देखा लाइव खूनी खेल
ताला काटने की आवाज सुनकर सर्वेंट क्वार्टर में सो रहे स्टाफ की अचानक नींद खुल गई। जब उन्होंने बाहर आने की कोशिश की, तो दरवाजा बाहर से बंद मिला। खिड़की से झांकने पर उनके होश उड़ गए। बाहर मुंह बांधे खड़े बदमाशों में से एक के हाथ में साफ तौर पर पिस्टल और दूसरे के हाथ में धारदार हथियार नजर आ रहा था। नौकरों के शोर मचाने पर बदमाश दीवार फांदकर रफूचक्कर हो गए।
पीड़ित परिवार का सीधा आरोप है कि राव नरेंद्र सिंह लगातार इलाके के अपराधियों और गैंगस्टरों के खिलाफ आवाज बुलंद करते रहे हैं। इसी रंजिश के चलते किसी बड़े आपराधिक गिरोह ने इस वारदात की साजिश रची है। सूचना मिलते ही तड़के 3:20 बजे पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर कटे हुए ताले, टूटी कुंडी और दीवार पर जूतों के निशान मिले हैं। परिवार ने एसपी से मिलकर तुरंत सुरक्षा बढ़ाने और आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

