० देर रात घर में घुसकर कारोबारी पर चाकू से हमला, साहस दिखाने पर बदमाश मौके से फरार
रांची। राजधानी रांची में एक कारोबारी के घर में देर रात घुसकर जानलेवा हमले का सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोंदा थाना क्षेत्र के इंदिरा नगर में तीन नकाबपोश बदमाशों ने कारोबारी को जान से मारने की धमकी देते हुए चाकू से हमला कर दिया। हालांकि कारोबारी की बहादुरी के चलते आरोपी अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके और मौके से फरार हो गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, आलोक कुमार (65) शुक्रवार रात करीब 1:30 बजे अपने घर में सो रहे थे। इसी दौरान घर के भीतर से टूट-फूट की आवाज सुनाई दी। जब तक वह कुछ समझ पाते, तीन नकाबपोश बदमाश उनके कमरे में पहुंच गए। आरोपियों ने चेहरे पर मास्क और हाथों में दस्ताने पहन रखे थे।
चाकू से कलाई पर किया वार
बदमाशों ने कारोबारी को धमकाते हुए कहा, “तुम्हें लोगों से बहुत पंगा लेने का शौक है, आज तुम्हें पंखे से टांग देंगे।” विरोध करने पर आरोपियों ने चाकू से उनकी कलाई पर वार कर दिया। इसके बावजूद आलोक कुमार ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया, जिसके बाद तीनों आरोपी मौके से भाग निकले।
पुलिस जाँच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।


