म्यांमार के पश्चिमी रखाइन राज्य में सेना के हवाई हमले से भारी तबाही मच गई। क्याउक्ताव टाउनशिप में एक स्थानीय बाजार के पास किए गए इस हमले में कम से कम 49 लोगों की मौत हो गई, जबकि 58 अन्य घायल बताए गए हैं। घायलों में 22 लोगों की हालत गंभीर है। इस हमले के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल है। हालांकि, घटना में हताहतों की संख्या की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है।

Image

म्यांमार के रखाइन राज्य में बाजार के पास गिराए गए दो बम

अराकान आर्मी की ओर से मंगलवार तड़के जारी बयान के मुताबिक, सोमवार दोपहर एक लड़ाकू विमान ने क्याउक्ताव टाउनशिप में स्थानीय बाजार के पास दो बम गिराए। हमले की चपेट में बाजार में सामान बेच रहे व्यापारी, खरीदारी करने आए लोग और राहगीर आ गए।

अराकान आर्मी के अनुसार, हमले में 49 लोगों की मौत हुई और 58 लोग घायल हुए। इनमें से 22 घायलों की स्थिति गंभीर बताई गई है। रखाइन में बचाव कार्य से जुड़े वरिष्ठ अधिकारी वाई हुन आंग ने भी घटनास्थल पर मौजूद बचावकर्मियों के हवाले से हताहतों की संख्या की पुष्टि की।

अराकान आर्मी के नियंत्रण वाले इलाके में हुआ हमला

क्याउक्ताव टाउनशिप म्यांमार के पश्चिमी रखाइन राज्य में स्थित है और इस पर शक्तिशाली जातीय सशस्त्र संगठन अराकान आर्मी का नियंत्रण है। यह क्षेत्र मांडले से लगभग 340 किलोमीटर पश्चिम में है।

बताया गया है कि हमले का निशाना बना बाजार पूरे रखाइन राज्य का एक प्रमुख थोक केंद्र था। यहां विभिन्न इलाकों से व्यापारी और खरीदार पहुंचते थे। अधिकारी वाई हुन आंग ने इसे रखाइन में हुए सबसे घातक हवाई हमलों में से एक बताया।

जवाबी कार्रवाई की अराकान आर्मी ने दी चेतावनी

अराकान आर्मी ने हमले के लिए जिम्मेदार लोगों और संगठनों के खिलाफ जल्द प्रभावी जवाबी कार्रवाई करने की चेतावनी दी है। हालांकि, हमले से जुड़े सभी विवरणों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

2021 के सैन्य तख्तापलट के बाद जारी है संघर्ष

म्यांमार में 1 फरवरी 2021 को सेना द्वारा आंग सान सू की की निर्वाचित सरकार को सत्ता से हटाए जाने के बाद से लगातार संघर्ष जारी है। सैन्य शासन के खिलाफ विरोध प्रदर्शनों पर कार्रवाई के बाद कई लोकतंत्र समर्थक समूहों ने हथियार उठा लिए। इसके बाद से सेना और विभिन्न विद्रोही संगठनों के बीच संघर्ष तेज हुआ है। देश के कई हिस्सों में हवाई हमलों और सशस्त्र झड़पों के कारण आम नागरिकों की सुरक्षा गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m