देवघर। झारखंड के देवघर में अवैध रूप से संचालित नेल पॉलिश फैक्ट्री में गुरुवार सुबह भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। फैक्ट्री में रखे ज्वलनशील थिनर और केमिकल के कारण आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया। इस दौरान दो बार जोरदार ब्लास्ट भी हुए, जिसकी आवाज दूर तक सुनाई दी। धमाकों से आसपास के लोग दहशत में आ गए। हादसे में फैक्ट्री का भवन भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

थिनर और केमिकल के कारण तेजी से फैली आग

घटना नगर थाना क्षेत्र के बंपास टाउन मोहल्ले में देवसंघ आश्रम के पीछे की है। यहां एक मकान में अवैध रूप से नेल पॉलिश और थिनर बनाने की फैक्ट्री संचालित की जा रही थी। फैक्ट्री के अंदर बड़ी मात्रा में अतिज्वलनशील थिनर और अन्य केमिकल रखे हुए थे। इसी वजह से आग तेजी से फैल गई और कुछ ही देर में दो जोरदार धमाके हुए।

दमकल की चार गाड़ियों ने तीन घंटे में पाया काबू

आग लगने की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की चार गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने तीन गाड़ियों से पानी और एक गाड़ी से केमिकल का इस्तेमाल कर करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान दमकल विभाग के करीब 15 कर्मी आग बुझाने में जुटे रहे। स्थानीय लोगों ने भी राहत और बचाव कार्य में सहयोग किया।

पांच-छह साल से किराए के मकान में चल रही थी फैक्ट्री

जानकारी के अनुसार, गुड्डू बरनवाल पिछले पांच से छह वर्षों से इस फैक्ट्री का संचालन कर रहा था। वह बंपास टाउन मोहल्ले में किराए के मकान में रहता है और मूल रूप से बिहार के जमुई जिले के झाझा थाना क्षेत्र का निवासी है। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, शॉर्ट सर्किट के कारण आग लगने की आशंका जताई जा रही है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

घटना की जानकारी मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस टीम एसआई ओम शरण के नेतृत्व में मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन की। आग लगने के बाद घटनास्थल के बाहर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। आग पर पूरी तरह काबू पाए जाने के बाद लोगों ने राहत की सांस ली। इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।