सोनीपत। हरियाणा के सोनीपत जिले से बड़ी खबर सामने आ रही है। यहां कालूपुर औद्योगिक क्षेत्र (Kalupur Industrial Area Sonipat) में स्थित एक नामी पेंट फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने फैक्ट्री के ठीक सामने बने बांस-बल्ली के एक बड़े गोदाम को भी अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई है।
केमिकल के कारण हुए जोरदार धमाके
मिली जानकारी के मुताबिक, कालूपुर इंडस्ट्री एरिया की अरोमा पेंट फैक्ट्री में सुबह सुबह धुएं का गुबार उठता देखा गया। फैक्ट्री में भारी मात्रा में थिनर और केमिकल (Chemical and Flammable Liquid) रखे होने के कारण आग ने तुरंत विकराल रूप ले लिया। इसकी वजह से फैक्ट्री के अंदर रखे केमिकल ड्रमों में एक के बाद एक कई जोरदार धमाके (Chemical Blast Sonipat) भी हुए, जिससे आसपास की इमारतें भी दहल उठीं।
आग लगने की सूचना मिलते ही फैक्ट्री के मालिक राजीव सेठ मौके पर पहुंचे। वहां मौजूद गार्ड ने तुरंत इसकी सूचना दमकल विभाग को दी। गनीमत यह रही कि, हादसा सुबह के वक्त हुआ जब कर्मचारी अपनी ड्यूटी पर नहीं पहुंचे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। शुरुआती जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट को माना जा रहा है।
आधा दर्जन से ज्यादा दमकल गाड़ियां मौके पर
सूचना मिलते ही दमकल की आधा दर्जन से अधिक दमकल की गाड़ियां भेजी गईं। दमकल कर्मियों ने कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाना शुरू किया। इस रेस्क्यू ऑपरेशन में पास की एक दवा फैक्ट्री के कर्मचारियों ने भी पानी और संसाधनों से मदद की, जिससे आग को और आगे फैलने से रोका जा सका।
पेंट फैक्ट्री के ठीक सामने अनमोल जैन का बांस-बल्ली का बड़ा कारोबार है। उन्होंने फैक्ट्री की दीवार के सहारे बड़ी संख्या में बांस रखे हुए थे। पेंट के केमिकल से भड़की आग ने इन सूखी लकड़ियों को तुरंत पकड़ लिया, जिससे गोदाम में रखा लाखों का सामान जलकर खाक हो गया। सिटी थाना पुलिस मौके पर मौजूद है और नुकसान का आकंलन किया जा रहा है।

