० पीएलए मार्केट में सुबह मची अफरा-तफरी, दमकल की तीन गाड़ियों ने 20 मिनट में पाया आग पर काबू; शॉर्ट सर्किट की आशंका

हिसार। पीएलए मार्केट स्थित ‘जन्नत बार’ में बुधवार सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में पूरे बार को अपनी चपेट में ले लिया। अंदर रखी शराब की बोतलें टूटने से आग और भड़क गई, जिससे बार का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया।

घटना सुबह करीब 8:55 बजे की है। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बार बंद होने के कारण आग आसपास की दुकानों तक नहीं पहुंची, जिससे बड़ा हादसा टल गया। आग बुझाने के लिए दमकल कर्मियों को बार के शीशे तोड़कर अंदर प्रवेश करना पड़ा।


शॉर्ट सर्किट की आशंका
बार के मालिक अमित ने प्रारंभिक तौर पर आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट होने की आशंका जताई है। उन्होंने बताया कि सुबह लोगों ने बार से धुआं उठता देखा और इसकी सूचना दी। आग में बार का फर्नीचर, एयर कंडीशनर, काउंटर और शराब का पूरा स्टॉक जलकर नष्ट हो गया। फिलहाल नुकसान का आकलन किया जा रहा है।

लीडिंग फायरमैन सज्जन कुमार लांबा ने बताया कि सूचना मिलने के लगभग 10 मिनट के भीतर दमकल टीम मौके पर पहुंच गई थी। समय रहते आग पर काबू पा लेने से आसपास के प्रतिष्ठानों को नुकसान नहीं पहुंचा।फिलहाल दमकल विभाग और संबंधित एजेंसियां आग लगने के कारणों की जांच में जुटी हैं।