एसआर रघुवंशी, गुना। जिले के चाचौड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली बीनागंज चौकी इलाके में रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। नेशनल हाईवे क्रमांक 46 (NH-46) पर बीनागंज बाईपास के पास एक तेज रफ्तार अनियंत्रित कंटेनर पुलिया के नीचे जा गिरा। पुलिया में गिरते ही वाहन में भीषण आग लग गई। इस हादसे में कंटेनर के ड्राइवर की गाड़ी के भीतर ही जिंदा जलने से दर्दनाक मौत हो गई, जबकि क्लीनर गंभीर रूप से झुलस गया है।

आग की लपटों में खाक हुआ ड्राइवर, क्लीनर रेफर

जानकारी के अनुसार, हादसा इतना अचानक और भयानक था कि ड्राइवर को वाहन से बाहर निकलने का मौका ही नहीं मिल सका और उसकी बॉडी ट्रक के भीतर ही जलकर खाक हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल हुए क्लीनर की पहचान मनीष बघेल (निवासी शिवपुरी) के रूप में हुई है। घटना के तुरंत बाद घायल क्लीनर को प्राथमिक उपचार के बाद गुना जिला चिकित्सालय (District Hospital) के लिए रेफर कर दिया गया है, जहाँ उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

शिवपुरी से भोपाल की ओर जा रहा था वाहन

बताया जा रहा है कि राजस्थान पासिंग नंबर का यह कंटेनर शिवपुरी-गुना की तरफ से आ रहा था और ब्यावरा होते हुए भोपाल की ओर जा रहा था। इसी दौरान बीनागंज बाईपास पर चालक वाहन पर से नियंत्रण खो बैठा और यह दर्दनाक हादसा हो गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस प्रशासन और फायर ब्रिगेड की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

मामले की जांच की जा रही

मनोज कुमार झा, एसडीओपी (SDOP), चाचौड़ा-बीनागंज ने बताया- नेशनल हाईवे 46 पर बीनागंज बाईपास के पास एक कंटेनर अनियंत्रित होकर पुलिया में गिर गया, जिसमें तुरंत आग लग गई। हादसे में चालक की जलने से मौके पर ही मौत हो गई है, जबकि घायल क्लीनर मनीष बघेल को इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया है। पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला। मामले की जांच की जा रही है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m