धनबाद। धनबाद के बैंक मोड़ स्थित शांति भवन बिल्डिंग में बिजली मीटर रूम में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। धुएं और आग की लपटें देखकर फ्लैट और दुकानों में मौजूद लोग जान बचाकर बाहर भागे। दमकल और स्थानीय लोगों की तत्परता से समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
धनबाद के व्यस्ततम कारोबारी क्षेत्र बैंक मोड़ स्थित शांति भवन में बुधवार को बिजली मीटर रूम में अचानक भीषण आग लग गई। आग लगते ही पूरे भवन में धुआं फैल गया और लोग दहशत में आकर फ्लैटों और दुकानों से बाहर निकलने लगे।
सूचना मिलते ही बैंक मोड़ थाना पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही पास स्थित मधुलिका एन्क्लेव के लोगों ने अपने भवन में लगे फायर एक्सटिंग्विशर की मदद से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। बाद में दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
टला बड़ा हादसा
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिस मीटर रूम में आग लगी थी, उसके ठीक बगल में जनरेटर रूम भी है। यदि आग जनरेटर और डीजल टैंक तक पहुंच जाती, तो पूरी बहुमंजिला इमारत चपेट में आ सकती थी और बड़ा जान-माल का नुकसान हो सकता था।
फायर सेफ्टी व्यवस्था पर उठे सवाल
घटना के बाद शांति भवन के निवासियों ने आरोप लगाया कि बिल्डिंग में फायर सेफ्टी सिस्टम और अग्निशमन उपकरणों की कोई व्यवस्था नहीं है। लोगों का कहना है कि यदि पड़ोसी बिल्डिंग से मदद नहीं मिलती और दमकल समय पर नहीं पहुंचती, तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।


