गुरुग्राम। हरियाणा के गुरुग्राम के बसई रोड स्थित एक नामी पैकेजिंग कंपनी और उसके गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में हड़कंप मच गया। दरअसल यह हादसा शॉट सर्किट की वजह से हुआ जब कंपनी बंद पड़ी थी। गोदाम में भारी मात्रा में गत्ता और पैकेजिंग का सामान मौजूद होने की वजह से आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया।

दमकल की आधा दर्जन गाड़ियां मौके पर पहुंची

मौके पर पहुंची दमकल विभाग की आधा दर्जन से अधिक गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद लपटों पर काबू पाया। राहत की बात यह है कि, इस पूरी घटना में अभी तक किसी के घायल होने या जान जाने की सूचना नहीं मिली है।

शॉट सर्किट से लगी आग ने मचाई भारी तबाही, राहगीरों ने बचाई कंपनी की संपत्ति

गौरतलब है कि जब कंपनी के भीतर से धुआं और लपटें उठनी शुरू हुईं तब वहां से गुजर रहे राहगीरों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कंपनी का काफी सामान बाहर निकाला। आग इतनी भयानक थी कि कंपनी के भीतर रखा लाखों रुपए का तैयार माल और कच्चा सामान पूरी तरह जलकर खाक हो गया है। घटना की जानकारी मिलते ही सेक्टर-10 पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल दमकल कर्मी कूलिंग की प्रक्रिया में जुटे हैं ताकि आग दोबारा न भड़क सके। प्रशासन अब नुकसान का सही आकलन करने में जुटा है।