रेवाड़ी। हरियाणा के रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर शुक्रवार सुबह एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हो गया। आसलवास में बीटी कंपनी के पास एक तेज रफ्तार कैंटर अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर की लोहे की ग्रिल तोड़ते हुए दूसरी तरफ पहुंच गया। रॉन्ग साइड आते ही इस कैंटर की सामने से आ रहे एक भारी-भरकम ट्रॉले से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉले के ठीक पीछे चल रही एक कार भी संभल नहीं पाई और इन दोनों वाहनों में जा घुसी।

झपकी बनी काल या मोड़ पर बिगड़ा खेल? पुलिस कर रही जांच

कसौला थाना पुलिस इस भीषण एक्सीडेंट की तह तक जाने में जुट गई है कि आखिर कैंटर बेकाबू कैसे हुआ। मैदानी सूत्रों का कहना है कि या तो ड्राइवर को नींद की झपकी आई थी या फिर हाईवे के उस खास मोड़ पर वह तालमेल नहीं बिठा पाया। हादसे में कैंटर चालक बुरी तरह जख्मी हो गया है जिसे राहगीरों की मदद से तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हादसे के बाद ट्रॉला चालक अपनी गाड़ी मौके पर ही छोड़कर रफूचक्कर हो गया है जिसकी तलाश अब पुलिस सरगर्मी से कर रही है।

हाईवे पर थमे पहिए, घंटों तक मची रही अफरातफरी

हादसे की खबर मिलते ही हाईवे पर आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई और गाड़ियों की लंबी कतारें लग गईं। मौके पर पहुंची कसौला पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को साइड कराया और काफी मशक्कत के बाद यातायात को बहाल किया। जांच अधिकारी ने बताया कि फिलहाल पुलिस का पूरा ध्यान घायलों के बयान दर्ज करने और फरार ड्राइवर को पकड़ने पर है। हाईवे पर इस तरह की लापरवाही ने एक बार फिर सुरक्षा इंतजामों और तेज रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।