मथुरा. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने अपने प्रवास के पहले दिन वृंदावन के प्रेम मंदिर में पूजन किया. अयोध्या में श्रीराम मंदिर में श्रीराम यंत्र की स्थापना करने के बाद वे मथुरा के लिए रवाना हुई थीं. इसके बाद यहां उन्होंने प्रेम मंदिर में दर्शन-पूजन किया. इसके बाद उनका काफिला वहां से रवाना हुआ. मंदिर में उनके साथ राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं.

मंदिर का लेजर शो राष्ट्रपति को खूब भाया. उन्होंने इसकी खूब तारीफ की. उन्होंने कहा कि ये तो बहुत ही सुंदर है. राष्ट्रपति के प्रवास को देखते हुए मंदिर परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे. राष्ट्रपति का मंदिर परिसर में आगमन भोग घर प्रवेश द्वार से हुआ. परिसर में घूमने के बाद राष्ट्रपति गर्भगृह के सामने पहुंचीं, जहां उन्होंने श्रीराधाकृष्ण के दिव्य युगल विग्रह के दर्शन कर पूजा-अर्चना की.

इसे भी पढ़ें : भगवान श्रीराम की नगरी में नव संवत्सर पर ऐतिहासिक आयोजन, रामलला के दर्शन कर राष्ट्रपति मुर्मू ने की श्रीराम यंत्र की स्थापना

बता दें कि कल राष्ट्रपति प्रेमानंद महाराज के दर्शन करेंगी. इसके अलावा वे उड़िया बाबा और नींव करोरी बाबा आश्रम में भी दर्शन करेंगी. वात्सल्य ग्राम का दौरा करेंगी. 21 मार्च को उनकी गोवर्धन यात्रा प्रस्तावित हैं, जहां वह गोल्फ कार्ट से परिक्रमा करेंगी. इसके लिए बुधवार को वृंदावन, मथुरा और गोवर्धन में पुलिस-प्रशासनिक अमले ने रिहर्सल किया. उनकी सुरक्षा में तीन हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे.

इधर राष्ट्रपति के प्रस्तावित दौरे को लेकर सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं. राष्ट्रपति के आगमन से पहले बुधवार को पूरे रूट पर फुल ड्रेस रिहर्सल किया गया. इसमें सुरक्षा, यातायात और प्रशासनिक व्यवस्थाओं को बारीकी से परखा गया. रिहर्सल के दौरान काफिले में शामिल वाहनों ने निर्धारित मार्ग पर चलकर हर संभावित स्थिति का अभ्यास किया. सुबह से ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी रूट पर तैनात हो गए थे. काफिला वृंदावन से शुरू होकर गोवर्धन तक पहुंचा और इस दौरान मार्ग में आने वाले प्रमुख चौराहों, संकरे रास्तों और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों का विशेष रूप से निरीक्षण किया गया. वहीं राष्ट्रपति के वृंदावन दौरे के दौरान उन्हें बंदरों से बचाने के लिए प्रशासन ने जगह-जगह पर लंगूर के कटआउट्स लगाए हैं.