अभय मिश्रा, मऊगंज। मध्य प्रदेश के मऊगंज जिले में स्वास्थ्य महकमे की नाकामी और घोर संवेदनहीनता की एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में हड़कंप मचा दिया है। हनुमना सिविल अस्पताल में सुरक्षा और स्वच्छता के दावों की धज्जियां उड़ती नजर आ रही हैं। सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो ने अस्पताल की बदहाली को बेनकाब कर दिया है, जिसमें सीधे प्रसव कक्ष के दरवाजे तक आवारा कुत्ते बेखौफ घूमते नजर आ रहे हैं।

सुरक्षाकर्मियों की मौजूदगी के बावजूद सुरक्षा में बड़ी चूक

सबसे गंभीर और खौफनाक सवाल यह उठ रहा है कि अस्पताल में गेटकीपर और सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के बावजूद आवारा कुत्ते प्रसव कक्ष तक कैसे पहुंच गए? प्रसव कक्ष अस्पताल का वह अति-संवेदनशील हिस्सा होता है, जहां सबसे ज्यादा इंफेक्शन का खतरा रहता है और नवजात शिशुओं की सुरक्षा सर्वोपरि होती है। वहां आवारा कुत्तों की खुलेआम मौजूदगी सीधे तौर पर प्रसूताओं और नवजातों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ है।

अधिकारी नदारद, BMO और फार्मासिस्ट का अता-पता नहीं

स्थानीय लोगों और मरीजों के परिजनों का आरोप है कि अस्पताल की व्यवस्थाएं पूरी तरह ध्वस्त हो चुकी हैं। अस्पताल में न तो फार्मासिस्ट अपनी ड्यूटी पर मौजूद रहते हैं और न ही BMO अपनी जिम्मेदारियों को गंभीरता से ले रहे हैं। अधिकारियों की इस आपराधिक लापरवाही ने पूरे अस्पताल को भगवान भरोसे छोड़ दिया है, जिससे मरीजों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

वायरल वीडियो के बाद जागा प्रशासन, सख्त कार्रवाई की मांग

अस्पताल के लेबर रूम के बाहर घूमते कुत्तों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। लोगों ने जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से मामले का तुरंत संज्ञान लेने की मांग की है। निवासियों का कहना है कि लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदारों और सुरक्षाकर्मियों पर तत्काल सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए ताकि अस्पताल में मरीजों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m