संजीव, सोनीपत। कैंसर और ब्लड डिसऑर्डर से जूझ रहे मरीजों को अब विशेषज्ञ उपचार के लिए दिल्ली के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, द्वारका ने सोनीपत स्थित सक्सेना मल्टी स्पेशलिटी हॉस्पिटल में विशेष बोन मैरो ट्रांसप्लांटेशन (बीएमटी) एवं मेडिकल ऑन्कोलॉजी ओपीडी सेवाओं की शुरुआत की है। इस पहल का उद्देश्य क्षेत्र के मरीजों को समय पर विशेषज्ञ परामर्श और आधुनिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
ओपीडी सेवाओं का शुभारंभ मैक्स हॉस्पिटल, द्वारका की बीएमटी एवं हेमेटो ऑन्कोलॉजी विभाग की सीनियर कंसल्टेंट डॉ. प्रतिभा धीमान और मेडिकल ऑन्कोलॉजी विभाग की सीनियर कंसल्टेंट डॉ. शाइना गोयल की उपस्थिति में किया गया। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार डॉ. शाइना गोयल प्रत्येक माह के चौथे मंगलवार तथा डॉ. प्रतिभा धीमान प्रत्येक माह के चौथे शुक्रवार को मरीजों को परामर्श और फॉलो-अप सेवाएं प्रदान करेंगी।
ल्यूकेमिया, लिम्फोमा और मायलोमा जैसे ब्लड कैंसर की समय पर पहचान बेहद जरूरी
इस अवसर पर डॉ. प्रतिभा धीमान ने कहा कि ल्यूकेमिया, लिम्फोमा और मायलोमा जैसे ब्लड कैंसर की समय पर पहचान बेहद जरूरी है। लगातार थकान, बिना कारण बुखार और असामान्य ब्लड टेस्ट जैसे संकेतों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। उन्होंने बताया कि इम्यूनोथेरेपी, CAR T-सेल थेरेपी और बोन मैरो ट्रांसप्लांट जैसी आधुनिक तकनीकों से मरीजों के उपचार परिणामों में उल्लेखनीय सुधार हुआ है।
कैंसर के शुरुआती संकेतों के प्रति जागरूकता
वहीं डॉ. शाइना गोयल ने कहा कि कैंसर के शुरुआती संकेतों के प्रति जागरूकता और समय पर जांच सफल उपचार की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है। उन्होंने बताया कि नई ओपीडी सेवाओं के तहत कीमोथेरेपी, टार्गेटेड थेरेपी, इम्यूनोथेरेपी, हार्मोन थेरेपी और आधुनिक मॉलिक्यूलर डायग्नोस्टिक्स जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे मरीजों को उनकी बीमारी के अनुसार व्यक्तिगत उपचार योजना मिल सकेगी।
मैक्स हेल्थकेयर की मरीज-केंद्रित सोच का हिस्सा
अस्पताल प्रबंधन के अनुसार यह पहल मैक्स हेल्थकेयर की मरीज-केंद्रित सोच का हिस्सा है, जिसके तहत उन्नत स्वास्थ्य सेवाओं को बड़े शहरों से बाहर भी पहुंचाया जा रहा है। मैक्स हेल्थकेयर वर्तमान में देशभर में करीब 21 अस्पतालों और लगभग 6000 बेड के साथ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है।

