कुमार इंदर, जबलपुर। मध्य प्रदेश के जबलपुर से हैरान करने वाला मामला सामने आया है। कथित अंगदान गिरोह ने बीमार पत्नी के इलाज के लिए परेशान पति को अपने जाल में फंसाकर 22 लाख रुपये की मोटी रकम ठग ली। जब गिरोह ने किडनी उपलब्ध नहीं कराई और महिला की हालत बिगड़ने लगी, तो मजबूरन पति ने खुद अपनी किडनी देकर पत्नी की जान बचाई। पीड़ित की शिकायत पर विजयनगर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इलाज के लिए हैदराबाद गया था परिवार
जानकारी के अनुसार, जबलपुर के विजयनगर लमती निवासी महेश परियानी की पत्नी गंभीर किडनी रोग से पीड़ित थीं। डॉक्टरों ने उनकी जान बचाने के लिए जल्द से जल्द किडनी प्रत्यारोपण (किडनी ट्रांसप्लांट) कराने की सलाह दी थी। पत्नी के बेहतर इलाज और किडनी की व्यवस्था के लिए महेश परियानी हैदराबाद पहुंचे थे।
सामाजिक संस्था का मुखौटा पहनकर मिले ठग
हैदराबाद में महेश की मुलाकात ओडिशा के कटक निवासी जयंत साहू और सुष्मिता नायक से हुई। आरोपियों ने खुद को एक सामाजिक संस्था का सदस्य बताया और दावा किया कि वे कानूनी रूप से किडनी उपलब्ध करा देंगे। 45 लाख में हुआ सौदा: गिरोह ने किडनी दिलाने के एवज में कुल 45 लाख रुपये की मांग की। 22 लाख एडवांस लिए: आरोपियों ने सुरक्षा राशि (सिक्योरिटी मनी) और शुरुआती खर्चों के नाम पर महेश से 22 लाख रुपये एडवांस ले लिए।
चेक हुए बाउंस, हालत बिगड़ने पर पति ने दी किडनी
पैसे लेने के बाद भी जब आरोपियों ने किडनी उपलब्ध नहीं कराई, तो महेश ने अपनी रकम वापस मांगी। इस पर आरोपियों ने उन्हें जो चेक दिए, वे बैंक में बाउंस हो गए। इस बीच समय बीतने के साथ महेश की पत्नी की तबीयत बेहद नाजुक हो गई। गिरोह से कोई मदद न मिलता देख, महेश परियानी ने खुद आगे आकर अपनी पत्नी को किडनी डोनेट की और उनकी जान बचाई।
धोखाधड़ी का मामला दर्ज
ठगी का अहसास होने के बाद पीड़ित पति ने जबलपुर के विजयनगर थाने में मामले की शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी जयंत साहू और सुष्मिता नायक के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक टीम आरोपियों की गिरफ्तारी और इस कथित अंतरराष्ट्रीय या अंतरराज्यीय अंगदान गिरोह के नेटवर्क को खंगालने में जुट गई है। इस घटना ने एक बार फिर मेडिकल टूरिज्म और अंग प्रत्यारोपण के नाम पर सक्रिय ठग गिरोहों के खतरनाक नेटवर्क को उजागर किया है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

