लखनऊ। उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने गाजियाबाद के खोड़ा के एक नौजवान युवक सूर्या चौहान की हत्या की घटना पर दुख जताया और आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। पूर्व सीएम ने शासन को अपराध पर नियंत्रण रखने के लिए सही कदम उठाने की सलाह दी है।

शासन को सही कदम उठाने की जरूरत

मायावती ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि यू.पी. के जिला गाजियाबाद में खोड़ा के एक नौजवान युवक सूर्या चौहान की हुई हत्या की घटना अति दुखद व चिन्ताजनक। इस प्रकार की आयदिन हो रही घटनाओं की रोकथाम के लिए शासन व प्रशासन को सही कदम उठाने की जरूरत है। मायावती ने आगे कहा कि इस घटना में शामिल अपराधियों की पहचान करके उन्हें कानूनी सजा जरूर दी जाए। इसके साथ ही चुनाव का समय जैसे-जैसे नज़दीक आता जाएगा ऐसी घटनाओं के व्यापक दुष्परिणाम होंगे। अतः सरकार पूरी तरह सतर्क रहे।

READ MORE: पैसे दे नहीं तो… मकान मालिक और किराएदार के बीच मारपीट, 70 हजार रुपये किराया बकाया का आरोप

बकरीद के दिन हुई थी हत्या

बता दें कि गाजियाबाद जिले के खोड़ा थाना क्षेत्र में बकरीद के दिन 17 वर्षीय युवक सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया, जबकि पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच तेज कर दी है। परिजनों का आरोप है कि सूर्या को जान-पहचान वाले युवकों ने फोन कर बुलाया था।

परिजनों का कहना है कि यह हमला अचानक नहीं, बल्कि सुनियोजित था। उनका आरोप है कि सूर्या को बहाने से बुलाया गया और पहले से मौजूद युवकों ने उस पर हमला कर दिया। परिवार ने पुलिस से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। परिजनों का कहना है कि उन्हें न्याय चाहिए और किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाना चाहिए।

परिजनों की शिकायत के आधार पर इस मामले में असद, नवाब, फरहान, आतिफ और सारिक समेत कई युवकों के नाम सामने आए हैं। परिजनों ने आरोप लगाया है कि इन्हीं लोगों ने मिलकर सूर्या पर हमला किया।