अलीगढ़ में बसपा सुप्रीमो और उत्तर प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का मंदिर बनाने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम ने मायावती को पत्र भेजकर अनुमति मांगी है.

अलीगढ़. बसपा सुप्रीमो और प्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री मायावती का मंदिर बनाने की तैयारी की जा रही है. इसके लिए भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित केशव देव गौतम ने 22 अगस्त को मायावती को पत्र भेजकर मंदिर निर्माण और उनकी प्रतिमा लगाने की अनुमति मांगी है. मायावती की ओर से जवाब मिलने के बाद भूमि पूजन शुरू करने की बात कही गई है.

पंडित केशव देव गौतम ने बताया कि तहसील खैर के मोहल्ला खेरे में उनकी निजी भूमि है. उनका कहना है कि इसी जमीन पर वह अपने खर्चे से मायावती का मंदिर बनवाएंगे और इसके लिए शासन-प्रशासन से किसी तरह की आर्थिक सहायता नहीं ली जाएगी.

मंदिर को लेकर योजना

केशव देव गौतम के मुताबिक मंदिर का निर्माण किसी राजनीतिक गतिविधि से जुड़ा नहीं होगा. उन्होंने इसे ऐसा प्रेरणा स्थल बनाने की बात कही है, जहां से आने वाली पीढ़ी प्रेरणा ले सके.

उन्होंने कहा कि मंदिर में मायावती की प्रतिमा स्थापित करने के साथ उनके विचारों को भी जगह दी जाएगी. इसके लिए मायावती की अनुमति का इंतजार किया जा रहा है.

अनुमति मिलते ही भूमि पूजन

भ्रष्टाचार विरोधी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि बसपा की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती की ओर से अनुमति मिलते ही भूमि पूजन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी.

उन्होंने इस संबंध में 22 अगस्त को मायावती को पत्र भेजा है. अब मंदिर निर्माण को लेकर उनकी अनुमति का जवाब आने का इंतजार है.