सुरेश पांडेय, सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सीधी जिले में खड्डी खुर्द गांव की खराब सड़क और निर्माण की मांग को लेकर ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन लगातार 11 दिनों से जारी है। चर्चित सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला साहू के नेतृत्व में चल रहे इस आंदोलन को समर्थन देने के लिए सिंगरौली की महापौर और आम आदमी पार्टी (AAP) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य रानी अग्रवाल धरना स्थल पहुंचीं। इस दौरान बीच रास्ते में उनकी गाड़ी दलदल और कीचड़ में फंस गई, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
2 किलोमीटर पैदल चलकर पहुंचीं धरना स्थल
मिली जानकारी के मुताबिक, महापौर रानी अग्रवाल जब सीधी जिले के खड्डी खुर्द में धरना स्थल की ओर बढ़ रही थीं, तभी बदहाल सड़क और भारी कीचड़ के कारण उनकी गाड़ी धरना स्थल से करीब 2 किलोमीटर पहले ही फंस गई। इसके बाद महापौर को मजबूरन गाड़ी से उतरकर लगभग दो किलोमीटर कीचड़ भरे रास्ते पर पैदल चलकर धरना स्थल तक पहुंचना पड़ा। वहां पहुंचकर उन्होंने लीला शाहू और प्रदर्शनकारी ग्रामीणों से मुलाकात की और उनकी मांगों को अपना पूर्ण समर्थन दिया।
कार्यकर्ताओं ने धक्का मारकर निकाली गाड़ी
वापसी के दौरान भी रास्ता इतना खराब था कि महापौर की कार को दलदल से निकालने के लिए आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं को काफी मशक्कत करनी पड़ी। कार्यकर्ताओं ने काफी दूर तक कीचड़ में फंसी गाड़ी को धक्का देकर बाहर निकाला। इस पूरी घटना और बदहाल सड़क का वीडियो अब सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
11 दिनों से जारी है ग्रामीणों का धरना
खड्डी खुर्द में लंबे समय से सड़क निर्माण न होने से नाराज ग्रामीण लगातार 11 दिनों से धरने पर बैठे हैं। सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर लीला शाहू के साथ ग्रामीण लगातार प्रशासन से सड़क निर्माण की गुहार लगा रहे हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है। सिंगरौली महापौर के समर्थन में पहुंचने के बाद अब इस मामले ने और अधिक तूल पकड़ लिया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m


