हेमंत शर्मा, इंदौर। इंदौर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाए रखने के दावों के बीच बुधवार तड़के शहर की सड़कों पर खुद महापौर पुष्यमित्र भार्गव उतर आए। विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-4 में बिना सूचना पहुंचे महापौर ने जब जमीनी हकीकत देखी तो कई जगह अधिकारियों की जमकर क्लास लग गई। कहीं सड़क पर पड़ा निर्माण मलबा मिला, कहीं अधूरे कामों ने नाराजगी बढ़ाई तो कहीं गुटखा और तंबाकू के रेड स्पॉट ने सफाई व्यवस्था की पोल खोल दी। महू नाका के तरण पुष्कर से लेकर राजमोहल्ला, इतवारिया मंडी, लोधीपुरा और मुकेरीपुरा तक महापौर ने सुबह-सुबह शहर की हकीकत परखी।

लोधीपुरा में मलबा देख फूटा गुस्सा

महापौर का सबसे सख्त रुख लोधीपुरा इलाके में देखने को मिला। यहां सड़कों पर फैले सीएंडडी वेस्ट यानी निर्माण और तोड़फोड़ का मलबा देखकर महापौर भड़क गए। लंबे समय से अधूरे पड़े निर्माण कार्यों पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। मौके पर मौजूद जोनल अधिकारियों और सीएसआई को फटकार लगाते हुए साफ कहा गया कि सड़क पर पड़ा मलबा तुरंत हटाया जाए और अधूरे काम समयसीमा में पूरे किए जाएं। महापौर ने साफ कर दिया कि शहर की सड़कों को निर्माण एजेंसियों की लापरवाही का अड्डा नहीं बनने दिया जाएगा।

तरण पुष्कर पहुंचे महापौर, तैराकों से सीधे संवाद

महू नाका स्थित लक्ष्मण सिंह चौहान तरण पुष्कर पहुंचे महापौर ने वहां व्यवस्थाओं का जायजा लिया। गर्मी के चलते बड़ी संख्या में पहुंचे युवाओं और तैराकों से उन्होंने सीधे बातचीत की। शुल्क व्यवस्था को लेकर नागरिकों ने सुझाव दिए, जिस पर महापौर ने बड़ा फैसला लेते हुए छह महीने की अनिवार्यता खत्म कर तीन-तीन महीने में फीस जमा करने की व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए। साथ ही कर्मचारियों को साफ चेतावनी दी गई कि नागरिकों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

बाजारों में प्लास्टिक पर सख्ती, जनता को दी चेतावनी

राजमोहल्ला और इतवारिया सब्जी मंडी पहुंचे महापौर ने बाजारों की सफाई व्यवस्था का निरीक्षण किया। यहां उन्होंने व्यापारियों और आम लोगों को प्लास्टिक का उपयोग कम करने की नसीहत दी। महापौर ने कहा कि मंदिरों और बाजारों के आसपास प्लास्टिक का कचरा शहर की छवि बिगाड़ रहा है। लोगों से अपील की गई कि खरीदारी के लिए कपड़े और जूट के थैले का इस्तेमाल करें।

रेड स्पॉट पर एक्शन मोड में महापौर

निरीक्षण के दौरान दुकानों के बाहर गुटखा और तंबाकू थूकने से बने रेड स्पॉट देखकर महापौर ने सख्त नाराजगी जताई। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि दुकानों के सामने रेड स्पॉट किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि समझाइश के बाद भी सहयोग नहीं मिलने पर सीधे चालानी कार्रवाई की जाए।

मुकेरीपुरा में भी परखी जमीनी हकीकत

महापौर ने मुकेरीपुरा क्षेत्र का भी दौरा किया, जहां साफ-सफाई, यातायात व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं की समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही जरूरी निर्देश दिए गए। “स्वच्छता केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि पूरे शहर की सामूहिक जिम्मेदारी है। रेड स्पॉट मुक्त और प्लास्टिक मुक्त इंदौर बनाने के लिए नागरिकों, व्यापारियों और प्रशासन को मिलकर काम करना होगा। ऐसे औचक निरीक्षण लगातार जारी रहेंगे।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m