हेमंत शर्मा, इंदौर। द्वारकापुरी में एमबीए की छात्रा की हत्या ने पूरे शहर को झकझोर कर रख दिया है। पढ़ाई के नाम पर शुरू हुई दोस्ती अब एक खौफनाक अंत तक पहुंच गया। पुलिस ने इस सनसनीखेज मामले में मुख्य आरोपी पीयूष को मुंबई से हिरासत में ले लिया है। ट्रांजिट प्रक्रिया पूरी कर उसे इंदौर लाया जा रहा है, जहां उससे कड़ी और विस्तृत पूछताछ की जाएगी। 

जानकारी के मुताबिक मृतक छात्रा और आरोपी दोनों एमबीए की पढ़ाई कर रहे थे और एक-दूसरे को जानते थे। कुछ दिन पहले छात्रा अचानक अपने घर से लापता हो गई थी। परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने तलाश तेज की। जांच के दौरान जो खुलासा हुआ, उसने सभी को सन्न कर दिया। छात्रा का शव आरोपी के घर से बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने कथित तौर पर गला घोंटकर हत्या की और वारदात के बाद फरार हो गया। 

पुलिस ने तकनीकी साक्ष्य, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और अन्य सुरागों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रेस की और उसे मुंबई से हिरासत में ले लिया। अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या यह हत्या पूर्व नियोजित थी या किसी विवाद का खौफनाक अंजाम? घटनास्थल से जुटाए गए सबूत फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिए गए हैं।

पुलिस का कहना है कि आरोपी को कोर्ट में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा, ताकि हत्या की असली वजह और पूरी साजिश का खुलासा हो सके। छात्रा की मौत से परिवार में गहरा शोक है, वहीं पूरे इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की जाएगी और दोषी को सख्त सजा दिलाई जाएगी।

इस मामले में इंदौर एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया ने बताया कि “मुख्य आरोपी को मुंबई से हिरासत में लिया गया है। ट्रांजिट प्रक्रिया के बाद उसे इंदौर लाया जा रहा है। प्रारंभिक जांच में हत्या की पुष्टि हुई है। फॉरेंसिक साक्ष्य एकत्रित किए गए हैं। आरोपी से विस्तृत पूछताछ के बाद पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।”

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m