मेडिकल शिक्षा के विस्तार के साथ RIMS में पुराने IPD-OPD और एकेडमिक ब्लॉक का होगा जीर्णोद्धार, PG हॉस्टल और स्टेडियम भी PPP मॉडल पर होंगे विकसित

रांची। राजधानी रांची स्थित राजेंद्र आयुर्विज्ञान संस्थान (RIMS) में मेडिकल शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। संस्थान में MBBS की सीटें 180 से बढ़ाकर 250 और PG की सीटें 176 से बढ़ाकर 275 करने की तैयारी है। यानी MBBS में 70 और PG में 99 सीटों का इजाफा होगा।

सीटों में बढ़ोतरी के साथ रिम्स की आधारभूत सुविधाओं को भी विस्तार देने की योजना बनाई गई है। इसी को लेकर बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के अपर मुख्य सचिव अजय कुमार सिंह की अध्यक्षता में बैठक हुई।

पुराने IPD-OPD और एकेडमिक ब्लॉक का होगा विस्तार

बैठक में RIMS के पुराने IPD, OPD और एकेडमिक ब्लॉक के जीर्णोद्धार एवं विस्तार पर चर्चा हुई। इसके अलावा नॉर्थ और साउथ कैंपस के हॉस्टल और क्वार्टर को भी दुरुस्त करने का फैसला लिया गया है।इन कार्यों के लिए सेंट्रल स्पॉन्सर्ड स्कीम के तहत करीब 380 करोड़ रुपये का प्रस्ताव तैयार करने पर सहमति बनी है।

पोस्ट-PG सीटें 11 से बढ़कर 100 करने की तैयारी

RIMS में पोस्ट-PG सीटों का भी बड़े स्तर पर विस्तार किया जाएगा। बैठक में पोस्ट-PG सीटों को 11 से बढ़ाकर 100 करने के लिए DPR तैयार करने पर सहमति बनी।वहीं MBBS सीटों में बढ़ोतरी के प्रस्ताव को लेकर नेशनल मेडिकल कमीशन (NMC) से सैद्धांतिक सहमति मिलने की जानकारी बैठक में दी गई।

PG हॉस्टल और स्टेडियम पर 450 करोड़ खर्च का अनुमान

RIMS में PG और पोस्ट-PG हॉस्टल के साथ स्टेडियम कॉम्प्लेक्स को भी विकसित करने की योजना है। इन परियोजनाओं को PPP मोड पर विकसित करने का प्रस्ताव तैयार किया जाएगा।इन परियोजनाओं पर करीब 450 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है।

मरीजों के एडमिशन-डिस्चार्ज के लिए बनेगी SOP

बैठक में अस्पताल में मरीजों के एडमिशन और डिस्चार्ज की व्यवस्था को भी व्यवस्थित करने पर जोर दिया गया। अपर मुख्य सचिव ने निर्देश दिया कि जिन मरीजों को अस्पताल में भर्ती रखकर इलाज या निगरानी की जरूरत नहीं है, उन्हें अनावश्यक रूप से लंबे समय तक वार्ड में न रखा जाए।इसके लिए डिस्चार्ज के स्पष्ट मानदंड और SOP तैयार करने को कहा गया है, ताकि गंभीर मरीजों को समय पर बेड उपलब्ध हो सके।

2014 की नियमावली में भी होगा बदलाव

RIMS की वर्ष 2014 में लागू नियमावली को वर्तमान जरूरतों के अनुरूप बदलने का निर्देश दिया गया है। इसके साथ ही डॉक्टरों समेत सभी स्वीकृत और कार्यरत पदों की समीक्षा कर नई जरूरत के मुताबिक पद संरचना तैयार करने को कहा गया है।

बैठक में अपर सचिव शशि प्रकाश सिंह, RIMS के कार्यकारी निदेशक डॉ. डीके सिन्हा, सहायक निदेशक बाघमारे प्रसाद कृष्ण समेत स्वास्थ्य विभाग और RIMS के कई अधिकारी मौजूद रहे।