अनिल मालवीय, इछावर। गिलावनी माता मंदिर परिसर में रह रही फिल्म मेकर टीम के अंडा, मांस बनाएं जाने पर सोमवार को बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने कड़ा विरोध जताया है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि फिल्म मेकर टीम के मंदिर परिसर में मांसाहारी भोजन बनाने से न सिर्फ मंदिर परिसर अपवित्र हो रहा है बल्कि हिन्दू धर्म की आस्थाओं से खिलवाड़ किया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि टीम को यहां से नहीं हटाया गया तो बजरंग दल को उग्र आंदोलन करने को मेंबर होना पड़ेगा।
बता दें कि नगर में पिछले तीन दिनों से फौजी वेब सीरीज की शूटिंग चल रही है। फिल्म मेकर टीम गिलावनी माता मंदिर परिसर में ठहरी हुई है। इसी परिसर में हनुमान मंदिर भी है। सोमवार को बजरंग दल को सूचना मिली कि टीम को भोजन में अंडा, मांस आदि परोसा जा रहा है। इससे बजरंग दल के कार्यकर्ता भड़क गए।
बजरंग दल के सौरभ मकरेया ने बताया कि सूचना मिलने पर मौके ने जाकर देखा तो वहां अंडे और चिकन की सब्जी मौके पर मिली। उन्होंने कहा कि इस पर हमने टीम के जिम्मेदारों के सामने कड़ा विरोध दर्ज कराया है। साथ ही कल तक परिसर खाली न करने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी है।
शूटिंग से रोजगार हुआ चौपट
नगर में पिछले तीन दिनों से चल रही फौजी वेब सीरीज की सूटिंग नागरिकों और व्यापारियों के लिए परेशान का सबब बन रही है। दरअसल शूटिंग के लिए मेकर टीम ने पूरे बस स्टैंड परिसर को रस्सी बांधकर चारों ओर से बंद कर दिया है। इससे परिसर में स्थित सब्जी, फल सहित अन्य दुकानदारों का पूरा व्यवसाय चौपट हो रहा है। इसके चलते इनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है।

