रायपुर। जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ (जे) के नेता अमित जोगी ने CMC वेल्लोर से अपना मेडिकल बुलेटिन साझा किया है। उन्होंने बताया कि इस सप्ताह CMC वेल्लोर में अपना संपूर्ण स्वास्थ्य परीक्षण कराया, जिसके बाद सामने आए परिणाम बेहद संतोषजनक है। अमित जोगी ने अपनी स्वास्थ्य स्थिति में सुधार का श्रेय परमेश्वर की कृपा के साथ डॉक्टरों, नर्सों और चिकित्सा-विज्ञान को दिया है।

जोगी ने कहा, एक समय था जब मुझे लगता था कि जीवन बदलना केवल बुरी आदतें छोड़ना है। आज जानता हूं – सच्चा बदलाव हमारी ताकत से नहीं, परमेश्वर की कृपा से आता है। अमित जोगी ने बताया कि उनका वजन 100 किलो से घटकर 63 किलो हो गया है। अब उन्हें उच्च रक्तचाप, फैटी लिवर, अल्सर, बवासीर, अवसाद और अनिद्रा की समस्या नहीं रही। उन्होंने यह भी बताया कि शराब और धूम्रपान पूरी तरह छोड़ दिया है और उनका हृदय स्वस्थ है।

सिर्फ दो दवाइयां जारी, डॉक्टरों का जताया आभार

अमित जोगी के मुताबिक, पहले चल रही उनकी अधिकांश दवाइयां अब बंद हो चुकी है। फिलहाल केवल दो दवाइयां जारी है, जिन्हें अगले 3 से 6 महीनों में डॉक्टरों की निगरानी में धीरे-धीरे कम करके बंद किया जाएगा। अपने मेडिकल अपडेट में जोगी ने कहा है कि वह अपनी बेहतर हुई स्वास्थ्य स्थिति को अपनी उपलब्धि नहीं मानते। यह परमेश्वर की कृपा है। उन्होंने डॉक्टरों, नर्सों और चिकित्सा विज्ञान के साथ-साथ अपनी मां, रिचा और उनकी देखभाल करने वाले सभी लोगों का आभार जताया है।

जीवन में आत्मा, मन और शरीर में नई शुरुआत

उन्होंने अपने जीवन में ‘पूंडी का बेराका’ को एक विशेष मोड़ बताते हुए कहा कि Berachah का अर्थ आशीष है और उनके लिए यह बिना कमाए मिला हुआ परमेश्वर का वरदान है। अमित जोगी ने कहा कि आज वह अपने जीवन में आत्मा, मन और शरीर में एक नई शुरुआत महसूस कर रहे हैं। उन्होंने अपने संदेश के अंत में कहा कि इस बदलाव के लिए उनके पास गर्व करने के लिए कुछ नहीं, बल्कि धन्यवाद करने के लिए सब कुछ है। उन्होंने अपने स्वास्थ्य और नई शुरुआत के लिए परमेश्वर का आभार जताते हुए कहा कि सारी महिमा केवल परमेश्वर को है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m