मेरठ. उत्तर प्रदेश के मेरठ में सड़क पर खुला गहरा गड्ढा बाइक सवार युवक के लिए जानलेवा साबित होते-होते बचा. कंकरखेड़ा क्षेत्र के कासमपुर में एक युवक बाइक समेत अचानक सड़क पर खुदे गड्ढे में जा गिरा. हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया. आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह उसे गड्ढे से बाहर निकाला. घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
इसे भी पढ़ें- सांसद के नाम से महिलाओं को किया जा रहा था फॉलो! अलीगढ़ MP सतीश गौतम की फर्जी इंस्टाग्राम आईडी पर मचा हड़कंप
अचानक गड्ढे में जा गिरी बाइक
जानकारी के मुताबिक, कासमपुर इलाके में एक शराब मिल के पास सड़क पर पाइपलाइन या सीवर लाइन डालने के लिए खुदाई की गई थी. इसी रास्ते से युवक बाइक लेकर गुजर रहा था. बताया जा रहा है कि अचानक उसका संतुलन बिगड़ा और बाइक समेत वह गहरे गड्ढे में जा गिरा. गड्ढा इतना गहरा था कि युवक और बाइक काफी नीचे चले गए.
लोगों ने रस्सी से बाइक निकाली
हादसा होते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और युवक को गड्ढे से बाहर निकालने में जुट गए. स्थानीय लोगों ने किसी तरह युवक को बाहर निकाला. इसके बाद गड्ढे में फंसी बाइक को निकालने के लिए भी काफी मशक्कत करनी पड़ी. बताया गया कि रस्सी की मदद से बाइक को बाहर निकाला गया. युवक के गंभीर रूप से घायल होने की बात सामने आई है.
बैरिकेडिंग नहीं होने से बढ़ा खतरा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि सड़क की खुदाई के बाद काम समय पर पूरा नहीं किया गया. साथ ही गड्ढे के आसपास पर्याप्त बैरिकेडिंग, चेतावनी बोर्ड या दूसरे सुरक्षा इंतजाम भी नहीं किए गए. लोगों का दावा है कि इस संबंध में संबंधित अधिकारियों और ठेकेदार से शिकायत भी की गई थी, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ.
इसे भी पढ़ें- मिशन 2027: अखिलेश का ‘जिलावार घोषणा पत्र’ वाला दांव! BJP पर लगाया कार्यक्रम रोकने की साजिश का आरोप
रात में बड़ा हादसा होने की आशंका
स्थानीय लोगों के मुताबिक, बारिश के दौरान गड्ढे में पानी भरने से खतरा और बढ़ जाता है. उनका कहना है कि दिन में हादसा होने के कारण आसपास मौजूद लोगों की नजर युवक पर पड़ गई और उसे बाहर निकाल लिया गया. अगर यही हादसा रात में होता और गड्ढा नजर नहीं आता, तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी. लोगों ने सड़क की खुदाई वाली जगह पर तत्काल सुरक्षा इंतजाम और गड्ढे को ठीक कराने की मांग की है.



