शिवम मिश्रा, रायपुर। राजधानी में गणेश विसर्जन झांकियों के सुचारू, सुरक्षित और शांतिपूर्ण आयोजन को लेकर बुधवार को रायपुर कमिश्नरेट पुलिस द्वारा गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक दोपहर 3 बजे C-4 भवन में हुई। इसमें पुलिस, जिला प्रशासन, नगर निगम, लोक निर्माण विभाग (PWD), स्वास्थ्य विभाग और SDRF के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में रायपुर कमिश्नरेट के विभिन्न जोन, क्राइम एवं यातायात के डीसीपी तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने गणेश विसर्जन झांकियों के आयोजकों को सुरक्षा, यातायात एवं कानून-व्यवस्था के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

आयोजकों को झांकी के निर्धारित मार्ग, समय और क्रम का पालन करने, अनावश्यक रूप से झांकी नहीं रोकने, पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित वॉलंटियर्स की व्यवस्था करने तथा वॉलंटियर्स को आवश्यक पहचान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिस पर आयोजकों ने सहमति जाहिर की।

साथ ही झांकी के दौरान नशे का सेवन नहीं करने, किसी भी प्रकार के हथियार अथवा धारदार वस्तु नहीं रखने, ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं डीजे का उपयोग निर्धारित नियमों के अनुरूप करने, आपातकालीन वाहनों और पीछे से आने वाली झांकियों के लिए रास्ता खुला रखने तथा पुलिस एवं यातायात व्यवस्था में तैनात अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने पर भी सहमति बनी।

सदर बाजार क्षेत्र के जर्जर भवनों को लेकर विशेष चर्चा

बैठक में सदर बाजार क्षेत्र में स्थित जर्जर भवनों को लेकर विशेष रूप से चर्चा की गई। पुलिस, नगर निगम एवं SDRF के अधिकारियों ने उक्त क्षेत्र में झांकियों के आवागमन के दौरान संभावित सुरक्षा जोखिमों से आयोजकों को अवगत कराया।

सुरक्षा की दृष्टि से विसर्जन झांकियों के मार्ग में परिवर्तन का प्रस्ताव रखा गया। इस संबंध में आयोजकों के साथ चर्चा कर आम सहमति बनाने का प्रयास किया गया। हालांकि, गणेश उत्सव समितियों के आयोजकों ने प्रस्तावित रूट परिवर्तन पर असहमति व्यक्त की।

इसके बाद सदर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए समितियों के आयोजकों ने सहमति व्यक्त की कि उनके द्वारा ध्वनि यंत्रों का साउंड निर्धारित मानकों के अनुरूप रखा जाएगा। ध्वनि यंत्रों के बेस और वाइब्रेशन मोड को बंद रखा जाएगा। साथ ही सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस, प्रशासन, नगर निगम एवं SDRF द्वारा जारी किए जाने वाले आवश्यक सुरक्षा निर्देशों का पालन करने पर भी आयोजकों ने सहमति व्यक्त की।

बैठक में स्पष्ट किया गया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात की सुचारू व्यवस्था एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी समितियों से अपील की गई कि वे अपने पदाधिकारियों एवं वॉलंटियर्स को सभी निर्देशों से अवगत कराएं तथा विसर्जन के दौरान पुलिस एवं प्रशासन का सहयोग करें।

Lalluram.Com के व्हाट्सएप चैनल को Follow करना न भूलें.
https://whatsapp.com/channel/0029Va9ikmL6RGJ8hkYEFC2H