प्रवीण भारद्वाज, पानीप। हरियाणा राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, पंचकूला के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकरण (DLSA) पानीपत द्वारा 2 जून को जिला न्यायालय परिसर के ग्राउंड फ्लोर स्थित कॉन्फ्रेंस हॉल में मेगा अवेयरनेस-कम-सर्विस कैंप का आयोजन किया जाएगा। इस संबंध में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी एवं सचिव डीएलएसए वर्षा शर्मा ने विभिन्न सरकारी विभागों, संस्थानों और गैर सरकारी संगठनों (NGOs) के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी वर्षा शर्मा ने बताया कि इस कैंप का उद्देश्य आमजन को विभिन्न सरकारी सेवाएं और कानूनी सहायता एक ही स्थान पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि हरियाणा लीगल सर्विसेज अथॉरिटी, पंचकूला के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में विभिन्न विभागों के प्रतिनिधि एक छत के नीचे मौजूद रहेंगे, ताकि लोगों को अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

उन्होंने बताया कि कैंप में आधार कार्ड से संबंधित समस्याएं, परिवार पहचान पत्र (PPP) में सुधार, बैंकिंग सेवाओं की जानकारी और निशुल्क कानूनी सहायता समेत कई सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। जिला न्यायालय परिसर में शिविर आयोजित करने का उद्देश्य यह है कि लोगों को आने-जाने में किसी प्रकार की परेशानी न हो और वे आसानी से इन सेवाओं का लाभ उठा सकें।

वर्षा शर्मा ने कहा कि शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से हेल्थ चेकअप कैंप भी लगाया जाएगा। इसके अलावा नशा मुक्ति केंद्र की ओर से भी स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां लोगों को नशा मुक्ति संबंधी जानकारी देने के साथ-साथ स्वास्थ्य जांच और आवश्यक परामर्श उपलब्ध कराया जाएगा। जरूरतमंद लोगों का पंजीकरण कर उन्हें सिविल अस्पताल में उपचार के लिए तारीख भी दी जाएगी।

बैठक में विभिन्न विभागों के करीब 50 प्रतिनिधियों ने भाग लिया और शिविर को सफल बनाने के लिए आपसी समन्वय पर चर्चा की गई।