शब्बीर अहमद, भोपाल। मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल के पास चलती ट्रेन में अवैध वेंडरों के आतंक का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। गोरखपुर से अहमदाबाद जा रही एक्सप्रेस ट्रेन में अवैध रूप से खाना बेचने वाले बदमाशों ने ट्रेन की पैंट्री कार के कर्मचारियों पर चाकुओं से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में तीन कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से एक की हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है।
IRCTC से खाना न खरीदने का बना रहे थे दबाव
जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना निशातपुरा और बैरागढ़ रेलवे स्टेशन के बीच की है। बताया जा रहा है कि ट्रेन में अवैध रूप से खाद्य सामग्री बेचने वाले आरोपी यात्रियों पर IRCTC (रेलवे) का आधिकारिक खाना न खरीदने और उनसे खाना लेने के लिए लगातार दबाव बना रहे थे। जब पैंट्री कार के कर्मचारियों ने इसका विरोध किया, तो विवाद बढ़ गया।
फिल्मी अंदाज में हथियारों के साथ चढ़े बदमाश
गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस जैसे ही निशातपुरा और बैरागढ़ के बीच वाले रूट से गुजर रही थी, तभी क्षेत्र के कुख्यात अवैध वेंडर जितेंद्र खटीक और अंकित सुपारी अपने साथ धारदार हथियारों से लैस होकर ट्रेन में सवार हो गए। ट्रेन में चढ़ते ही दोनों बदमाशों ने सीधे पैंट्री कार का रुख किया।
पैंट्री कार में मची चीख-पुकार, आरोपी फरार
आरोपियों ने पैंट्री कार के भीतर घुसते ही वहाँ काम कर रहे लड़कों को गालियां देना शुरू कर दिया और देखते ही देखते उन पर चाकुओं से हमला बोल दिया। इस अचानक हुए जानलेवा हमले से पैंट्री कार के अंदर चीख-पुकार मच गई। बदमाशों ने तीन कर्मचारियों को बेरहमी से लहूलुहान कर दिया और वारदात को अंजाम देकर मौके से फरार हो गए।
जीआरपी ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस बल और जीआरपी एक्टिव हुई। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है। जीआरपी पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी जितेंद्र खटीक और अंकित सुपारी के खिलाफ धारा 307 (हत्या का प्रयास) के तहत मामला दर्ज कर लिया है और फरार बदमाशों की तलाश में जुट गई है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

