Automobile Desk : मर्सिडीज-बेंज ने अपनी प्रीमियम क्रॉसओवर एसयूवी जीएलए (GLA) के थर्ड-जनरेशन मॉडल से वैश्विक स्तर पर पर्दा उठा दिया है। जर्मन लग्जरी वाहन निर्माता कंपनी ने इस लोकप्रिय गाड़ी को पहली बार ऑल-इलेक्ट्रिक अवतार के साथ पेश किया है। इसके अलावा इसे माइल्ड-हाइब्रिड पावरट्रेन विकल्प के साथ भी बाजार में उतारा गया है। नए प्लेटफॉर्म पर आधारित यह एसयूवी न केवल दमदार ड्राइविंग रेंज का वादा करती है, बल्कि अल्ट्रा-फास्ट चार्जिंग तकनीक और हाइटेक इंटीरियर से भी लैस है।

कंपनी ने नई जीएलए ईवी को अपने आधुनिक एमएमए (MMA) आर्किटेक्चर पर तैयार किया है। यह इलेक्ट्रिक एसयूवी तीन प्रमुख ट्रिम्स—250, 250 प्लस और 350 में उपलब्ध होगी। ग्राहकों के लिए इसमें 58kWh और 85kWh के दो अलग-अलग बैटरी पैक विकल्प दिए गए हैं। WLTP मानक के अनुसार, यह इलेक्ट्रिक एसयूवी एक बार फुल चार्ज होने पर लगभग 647 से 657 किलोमीटर तक की लंबी दूरी तय कर सकती है।
परफॉर्मेंस और चार्जिंग की बात करें तो इसमें बेहतरीन आंकड़े देखने को मिलते हैं। जीएलए 250 और 250 प्लस वेरिएंट्स में रियर-एक्सेल पर लगी सिंगल इलेक्ट्रिक मोटर मिलती है, जो क्रमशः 224 एचपी और 272 एचपी की पावर के साथ 335 एनएम का टॉर्क जनरेट करती है। वहीं इसका टॉप-स्पेक्ट्रम ‘350’ ट्रिम डुअल-मोटर सेटअप और ऑल-व्हील ड्राइव तकनीक से लैस है, जो 354 एचपी की ताकत और 515 एनएम का टॉर्क पैदा करता है। यह ऑल-व्हील ड्राइव मॉडल महज 5.4 सेकंड में 0 से 100 किमी प्रति घंटे की रफ्तार हासिल कर लेता है।
लंबी यात्राओं को आसान बनाने के लिए इसमें 320kW डीसी फास्ट चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है, जिसकी मदद से सिर्फ 10 मिनट की चार्जिंग में कार 270 किलोमीटर तक चलने योग्य ऊर्जा प्राप्त कर लेती है। इसके अलावा घरेलू व सामान्य चार्जिंग के लिए 22kW एसी चार्जिंग की सुविधा भी शामिल है। जो लोग पारंपरिक ईंधन विकल्प पसंद करते हैं, उनके लिए कंपनी 2027 की शुरुआत में 1.5-लीटर चार-सिलेंडर पेट्रोल इंजन वाला 48-वोल्ट माइल्ड-हाइब्रिड मॉडल पेश करेगी, जिसमें 8-स्पीड डुअल-क्लच ट्रांसमिशन मिलेगा।
केबिन के अंदर कदम रखते ही लग्जरी और अत्याधुनिक तकनीक का अनुभव होता है। नई जीएलए में ऑप्शनल MBUX सुपरस्क्रीन ट्रिपल-डिस्प्ले सेटअप दिया गया है। इसमें 10.25-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, 14-इंच का मुख्य इंफोटेनमेंट टचस्क्रीन और पैसेंजर के लिए अलग से 14-इंच की स्क्रीन शामिल है। ड्राइविंग के दौरान सहूलियत के लिए थ्री-स्पोक स्टीयरिंग व्हील और सेंटर कंसोल पर फिजिकल बटन्स बरकरार रखे गए हैं, जबकि क्लाइमेट कंट्रोल को टचस्क्रीन में इंटीग्रेट किया गया है। मनोरंजन के लिए 16-स्पीकर वाला 3D ऑडियो सिस्टम, सुरक्षा के लिए 360-डिग्री कैमरा और ऑटोमैटिक पार्किंग असिस्ट जैसे फीचर्स दिए गए हैं।
भारतीय बाजार में फिलहाल मर्सिडीज-बेंज जीएलए का सेकंड-जनरेशन पेट्रोल और डीजल मॉडल बिक्री के लिए उपलब्ध है, जिसकी एक्स-शोरूम कीमत 51.80 लाख रुपये से शुरू होती है। नया थर्ड-जनरेशन मॉडल और इसका ऑल-इलेक्ट्रिक वर्जन आने वाले समय में भारतीय तटों पर कदम रखेगा, जिसकी कीमत मौजूदा मॉडल की तुलना में काफी अधिक रहने की संभावना है।


