सोनू वर्मा, नूंह। सावन के प्रथम सोमवार को निकली ब्रजमंडल जलाभिषेक यात्रा का मेवात की पावन धरा पर अभूतपूर्व उत्साह और भाईचारे के साथ स्वागत किया गया। नल्हड़ स्थित नल्हेश्वर महादेव मंदिर से शुरू हुई यह यात्रा फिरोजपुर झिरका के झिरकेश्वर मंदिर होते हुए सिंगार गांव के श्रृंगेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। यात्रा में दूर-दराज से आए हजारों श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर अपनी आस्था व्यक्त की।

यात्रा मार्ग पर हुआ भव्य स्वागत

पूरे यात्रा मार्ग पर मेवात के विभिन्न गांवों और कस्बों में श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं, पुष्पवर्षा और जयकारों के साथ गर्मजोशी से स्वागत किया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं के लिए जलपान और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं भी की गईं। यात्रा के दौरान धार्मिक आस्था के साथ सामाजिक सौहार्द का भी संदेश देखने को मिला।

ज़ाकिर हुसैन के निवास पर श्रद्धालुओं का अभिनंदन

भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं पूर्व विधायक चौधरी ज़ाकिर हुसैन ने अपने नूंह स्थित निवास पर कार्यकर्ताओं और क्षेत्र के गणमान्य लोगों के साथ हजारों श्रद्धालुओं का फूल-मालाओं और पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम, विधायक तेजपाल तंवर, जिला उपायुक्त अखिल पिलानी, पूर्व मंत्री कंवर संजय सिंह, संत-महात्मा और बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे। सभी ने एक-दूसरे को गले लगाकर जलाभिषेक यात्रा की शुभकामनाएं दीं।

36 बिरादरी के भाईचारे का दिया संदेश

चौधरी ज़ाकिर हुसैन ने कहा कि मेवात की पहचान उसकी गंगा-जमुनी संस्कृति और 36 बिरादरी के आपसी भाईचारे से है। उन्होंने कहा कि यहां सभी समुदाय एक-दूसरे के पर्व और धार्मिक आयोजनों में बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।

‘मेवात की एकता पूरे देश के लिए मिसाल’

उन्होंने कहा कि जलाभिषेक यात्रा के दौरान हर गांव और हर चौराहे पर जिस आत्मीयता से श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया, उसने मेवात की सामाजिक एकता और सौहार्द की परंपरा को एक बार फिर पूरे देश के सामने प्रस्तुत किया है। उनके अनुसार, मेवात का भाईचारा पूरी दुनिया के लिए एक मिसाल है।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m