सोनू वर्मा, नूंह। मेवात क्षेत्र में विकास कार्यों को तेज गति देने के लिए मेवात विकास अभिकरण (MDA) की 34वीं गवर्निंग बॉडी की बैठक मंगलवार को नूंह स्थित लघु सचिवालय में आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता फरीदाबाद मंडल के आयुक्त और एमडीए चेयरमैन संजय जून ने की। इस दौरान क्षेत्र में चल रही विकास परियोजनाओं की समीक्षा की गई और अधिकारियों को अगले 10 दिनों के भीतर नए विकास प्रस्ताव भेजने के निर्देश दिए गए।
संजय जून ने कहा कि ऐसी परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाए जिनका सीधा लाभ मेवात क्षेत्र के लोगों को मिले। उन्होंने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में स्वीकृत योजनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की और समय पर कार्य पूरा करने पर जोर दिया।

32 करोड़ का ड्राइविंग इंस्टीट्यूट, यूनानी मेडिकल कॉलेज का काम फिर शुरू
बैठक में बताया गया कि गांव छपेड़ा में करीब 32.63 करोड़ रुपये की लागत से ड्राइविंग ट्रेनिंग एंड रिसर्च इंस्टीट्यूट का निर्माण शुरू हो चुका है। वहीं नूंह में हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी और गांव आकेड़ा में यूनानी मेडिकल कॉलेज का निर्माण कार्य भी दोबारा शुरू कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेज को अगले वर्ष तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
म्यूजियम, ऑडिटोरियम और लाइब्रेरी प्रोजेक्ट को भी मिली गति
नूंह की पुरानी तहसील परिसर में लगभग 21 करोड़ रुपये की लागत से म्यूजियम और ऑडिटोरियम बनाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रशासनिक मंजूरी मिल चुकी है और तकनीकी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
इसके अलावा पुरानी एसडीएम कोर्ट परिसर में 200 छात्रों की क्षमता वाली आधुनिक लाइब्रेरी स्थापित की जाएगी। जिले के सभी उपमंडलों में भी नई लाइब्रेरी बनाने की योजना पर काम चल रहा है।
NEET-JEE की फ्री कोचिंग, छात्रों को मिलेगा फायदा
संजय जून ने बताया कि गांव मढ़ी के राजकीय विद्यालय में मेवात एक्सीलेंस सेंटर शुरू किया गया है। यहां NEET और JEE जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निशुल्क कोचिंग दी जा रही है। वर्तमान में 86 विद्यार्थी प्रशिक्षण ले रहे हैं।
बैठक में मुख्यमंत्री मेवात छात्रवृत्ति योजना, पोस्ट मैट्रिक स्कॉलरशिप, मेवात उत्थान योजना और खेलो मेवात कार्यक्रम की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पात्र युवाओं और विद्यार्थियों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शी तरीके से पहुंचाया जाए।
हुनर हाट और नई विकास परियोजनाओं पर भी फोकस
एमडीए चेयरमैन ने नूंह में प्रस्तावित हुनर हाट परियोजना के लिए जल्द स्थान चिन्हित करने के निर्देश दिए। साथ ही नीति आयोग द्वारा स्वीकृत 36 करोड़ रुपये की 12 विकास परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर जोर दिया।
बैठक में हथीन विधायक मोहम्मद इसराइल, उपायुक्त अखिल पिलानी, उपायुक्त पलवल डॉ. जैनेंद्र सिंह छिल्लर समेत विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मेवात क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, कौशल विकास और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत बनाने को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

