​Automobile Desk – MG Hector Hawk : भारतीय ऑटोमोबाइल बाजार में एमजी मोटर अपनी नई एसयूवी MG Hector Hawk को पेश करने की तैयारी में है। यह नई एसयूवी अगस्त 2026 तक लॉन्च की जा सकती है। हाल ही में इसके इलेक्ट्रिक वेरिएंट को टेस्टिंग के दौरान देखा गया है, जिसके बाद से ही इसे लेकर काफी चर्चाएं शुरू हो गई हैं। यह नया मॉडल Wuling Starlight 560 पर आधारित होने की उम्मीद है और कंपनी इसे अपने नए ADAPT प्लेटफॉर्म पर तैयार कर रही है। भारतीय बाजार में आने के बाद यह गाड़ी टाटा सफारी, महिंद्रा XUV700 और महिंद्रा XEV 9S जैसी लोकप्रिय गाड़ियों को कड़ी टक्कर देगी।

कैसा होगा एक्सटीरियर और डिजाइन?

​टेस्टिंग के दौरान दिखे मॉडल को पूरी तरह कवर किया गया था, लेकिन इसके कुछ मुख्य डिजाइन एलिमेंट्स साफ नजर आते हैं। गाड़ी के फ्रंट में आधुनिक तकनीक वाली एलईडी हेडलाइट्स दी गई हैं, जिनके ऊपर और नीचे आकर्षक एलईडी डीआरएल लगे हैं। बंद ग्रिल डिजाइन को देखकर यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि यह इसका पूरी तरह से इलेक्ट्रिक (EV) अवतार था। इसके साइड प्रोफाइल की बात करें तो वहां स्पॉटी अलॉय व्हील्स और पिछले बाएं फेंडर पर चार्जिंग पोर्ट की जगह दी गई है। रियर साइड में रैपअराउंड एलईडी टेललाइट्स, रूफ-माउंटेड स्पॉइलर और रियर वाइपर जैसे फीचर्स देखने को मिलते हैं, जो इसे एक मस्कुलर और प्रीमियम लुक देते हैं।

केबिन और आधुनिक फीचर्स

​हालांकि इसके केबिन की आधिकारिक तस्वीरें अभी सामने नहीं आई हैं, लेकिन माना जा रहा है कि इसका इंटीरियर इंटरनेशनल मॉडल जैसा ही मिनिमल और टेक-लोडेड होगा। इसके डैशबोर्ड पर 8.8-इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले और 12.8-इंच का बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम मिल सकता है। इसमें लेदरेट अपहोल्स्ट्री के साथ 7-सीटर लेआउट देखने को मिल सकता है। इसके अलावा पैनोरमिक सनरूफ, 50W का फास्ट वायरलेस चार्जर, वेंटिलेटेड और पावर-एडजस्टेबल फ्रंट सीट्स, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और 6-स्पीकर साउंड सिस्टम जैसे प्रीमियम फीचर्स दिए जा सकते हैं।

सुरक्षा के तगड़े इंतजाम

​सुरक्षा के मामले में भी एमजी इस एसयूवी को पूरी तरह से आधुनिक बनाने वाली है। इसमें स्टैंडर्ड तौर पर 6 एयरबैग्स, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम, हिल-होल्ड असिस्ट, इलेक्ट्रॉनिक पार्किंग ब्रेक, पार्किंग सेंसर्स के साथ रियर कैमरा और एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस सिस्टम (ADAS) जैसे आधुनिक सेफ्टी फीचर्स शामिल होंगे।

पावरट्रेन, बैटरी और रेंज

​MG Hector Hawk को PHEV (प्लग-इन हाइब्रिड) और EV (इलेक्ट्रिक) दोनों ऑप्शन में पेश किया जा सकता है। हाइब्रिड (PHEV) वेरिएंट में 1.5-लीटर का पेट्रोल इंजन मिलेगा, जो 20.5 kWh बैटरी पैक के साथ आएगा। यह setup 195 HP की पावर, 230 Nm टॉर्क और 125 किमी की ऑल-इलेक्ट्रिक रेंज प्रदान करेगा। वहीं, पूरी तरह से इलेक्ट्रिक (EV) वेरिएंट में 69.2 kWh का बड़ा बैटरी पैक और फ्रंट-माउंटेड मोटर मिलेगी, जो 201 HP की पावर जनरेट करेगी और इसमें single charge में 530 किमी तक की CLTC रेंज मिलने का दावा किया गया है।

बाजार में स्थिति और संभावित कीमत

​एमजी की मौजूदा लाइनअप में, हाइब्रिड मॉडल standard हेक्टर से ऊपर और इलेक्ट्रिक वेरिएंट ZS EV के ऊपर प्लेस किया जाएगा। कंपनी इसे अपने प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले काफी आक्रामक कीमत पर लॉन्च करने की योजना बना रही है।