वीरेंद्र कुमार, नालंदा। जिले से इस वक्त एक सनसनीखेज खबर सामने आ रही है, जहां हरनौत थाना क्षेत्र के पोरई गांव में बाइक हटाने को लेकर हुए विवाद में एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान पोरई गांव निवास स्व जगदीश महतो के 47 वर्षीय पुत्र सुनील कुमार के रूप में बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में हड़कंप मच गया, जबकि वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।

गली में खड़ी बाइक को लेकर हुआ विवाद

पोरई गांव में कुछ लोग दुर्गा पूजा का मेला देखकर लौटे थे। इसी दौरान गांव की गली में दो बाइक खड़ी होने को लेकर विवाद शुरू हो गया। मृतक के मौसेरे भाई डेविड कुमार ने बताया कि महिलाओं के आने-जाने के दौरान बाइक को लेकर परेशानी हुई, जिसके बाद वार्ड पार्षद को फोन किया गया। आरोप है कि इसके बाद गांव के कुछ लोग मौके पर पहुंचे और बाइक अपनी होने की बात कहने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।

विवाद के दौरान युवक के सिर में मारी गोली

डेविड कुमार के आरोप के है कि विवाद के दौरान सौरभ कुमार नामक युवक ने हथियार निकालकर सुनील कुमार के सिर में गोली मार दी। गोली लगने से सुनील कुमार की मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और आरोपी मौके से फरार हो गया। हालांकि, घटना के सभी पहलुओं और गोली चलाने की परिस्थितियों की पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मिलते ही हरनौत थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ स्थित मॉडल अस्पताल भेज दिया। पुलिस आरोपी की तलाश और मामले की जांच में जुटी है। हरनौत थानाध्यक्ष मुकेश वर्मा ने कहा कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। उन्होंने बताया कि फिलहाल लिखित आवेदन प्राप्त नहीं हुआ है। आवेदन मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें- शादी के दबाव और धमकी से परेशान प्रेमी बना कातिल, कुल्हाड़ी से काटकर की गर्लफ्रेंड की हत्या