कर्ण मिश्रा, ग्वालियर। मध्य प्रदेश के संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की तुलना कालनेमी राक्षस से की है। साथ ही उन्होंने रावण दहन को लेकर ब्राह्मण समाज के विरोध मामले और प्रदेश कांग्रेस के घर वापसी अभियान पर भी बड़ा बयान दिया हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह की सत्य सनातन यात्रा को लेकर मध्य प्रदेश के संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी का बयान सामने आया है। उनका कहना है कि दिग्विजय सिंह जैसे लोग जब धर्म संस्कृति की बात करते हैं तो मुझे उन पर हंसी आती है। यह वही लोग हैं जिन्होंने राम मंदिर में भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा हो रही थी उसका आमंत्रण टुकरा दिया था। यह वही लोग हैं जिन्होंने रामसेतु का विरोध किया था। कहा था कि जब भगवान राम ही पैदा नहीं हुई तो रामसेतु का कोई अस्तित्व ही नहीं बनता है। इस प्रकार के हलफनामें इन्होंने कोर्ट में लगाए थे।

जनता लगातार नकार रही- मंत्री धर्मेंद्र लोधी

लोधी ने आगे कहा कि यह वही लोग हैं जिनकी सनातन में कोई आस्था नहीं है। जब यह सनातन यात्रा निकालने की बात करते हैं तो हंसी आती है, यह कालनेमि राक्षस टाइप के लोग हैं। आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पूरे देश में हिंदुत्व का उभार दिख रहा है तो इनको लग रहा है कि हम भी सनातन की बात करेंगे तो जनता हमारी ओर आकर्षित होगी, लेकिन ऐसा नहीं है जनता इनको लगातार नकार रही है और आगे भी नकारती रहेगी।

रावण दहन करने के विरोध पर कही ये बात

इंदौर में ब्राह्मण समाज के लोगों की ओर से रावण दहन करने को लेकर किए जा रहे विरोध और पुरातन सनातन संस्कृति में इस प्रकार रावण दहन के कोई प्रमाणित उल्लेख न होने की बात से जुड़े मामले पर संस्कृति मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि मुझे नहीं लगता है कि इसमें ब्राह्मण समाज का कोई अपमान है। यह तो आताताई जो शक्तियां हैं चाहे वह किसी भी समाज की हो, वह आताताई शक्ति ही होती है, उसे समाज से जोड़कर नहीं देखना चाहिए, मुझे लगता है कि रावण दहन हमारी पुरानी परंपरा है इस बार भी होगी और पहले भी होती रही है। यह सनातन काल से चली आ रही परंपरा है इसको किसी समाज से जोड़ना ठीक नहीं है।

मंत्री बोले- कांग्रेस का कोई भविष्य नहीं

मध्यप्रदेश कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष के शुरू किए गए घर वापसी अभियान पर मंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ने कहा कि यह वैसे तो उनकी पार्टी का मामला है, मैं उसमें हस्तक्षेप नहीं कर सकता, घर वापसी जो लोग कर रहे हैं यह उनकी मर्जी है। जो नेता कर रहे हैं उनकी मर्जी है, इसमें आप और हम कुछ नहीं कर सकते हैं। मुझे नहीं लगता है कि घर वापसी से कांग्रेस मजबूत होगी। कांग्रेस का कोई भविष्य है ही नहीं। कांग्रेस को लगातार जनता आईना दिखाने का काम कर रही है और आगे भी आईना दिखाने का काम करेगी।

Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m