सुशील खरे, रतलाम। मध्य प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का बड़ा बयान सामने आया हैं। उन्होंने कहा कि एमपी में यूसीसी (UCC) लागू होना ही चाहिए। वहीं पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि बंगाल में मेरे ऊपर 38 फर्जी केस है, कई में गिरफ्तारी वारंट भी है। वहां जाऊंगा तो गिरफ्तार हो जाऊंगा। पार्टी ने कहा है कि मत जाओ वरना नया विवाद खड़ा हो जाएगा। वहीं विजयवर्गीय ने इंदौर में वंदे मातरम विवाद पर भी प्रतिक्रिया दी हैं।
रतलाम में मंत्री बोले- MP में लागू होना ही चाहिए UCC
दरअसल, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय शनिवार को रतलाम जिले के दौरे पर रहे। शहर के अष्टविनायक रेजिडेंसी में आयोजित एक भव्य समारोह में रतलाम विकास प्राधिकरण के पूर्व अध्यक्ष अशोक पोरवाल के घर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जन्मदिन मनाया। विजयवर्गीय कुछ देर अशोक पोरवाल के निवास पर भी रुके। इस दौरान उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल चुनाव के बाद मध्य प्रदेश में निगम, मंडलों की नियुक्तियां जल्द कर दी जाएगी। एमपी में यूसीसी लागू होगा। मुख्यमंत्री ने घोषणा कर दी है। पहले बिल आएगा।
मेरी फोटो पर भी माला टंग गई होती
वहीं पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर भी उन्होंने बयान दिया। कैलाश ने कहा कि चुनाव में अल्पसंख्यक समाज के वोट हुमायूं कबीर ले जा रहे थे। ममता बनर्जी के पास स्मग्लर और माफिया है, जो उन्हें फिर से सरकार में लाने का प्रयास कर रहे हैं। ममता जो करें वह कम है। उन्होंने बताया कि चुनाव के समय 6 साल वहां प्रभारी रहा। आपके सामने जिंदा बैठा हूं। बजरंगबली की कृपा है, वरना मेरी फोटो पर भी माला टंग गई होती।
इंदौर वंदे मातरम विवाद पर कही ये बात
उन्होंने पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनने का दावा भी किया है। वहीं कैलाश विजयवर्गीय ने इंदौर में वंदे मातरम विवाद पर कहा कि भारत माता के वंदना में किसी भी धर्म को बाधा नहीं आना चाहिए। वंदे मातरम ना गाने वालों का राष्ट्र प्रेम पर प्रश्न चिन्ह दिखाता है।

