शब्बीर अहमद, Bhopal. राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी के जाति प्रमाण पत्र (Caste Certificate) को लेकर चल रहा विवाद अब तूल पकड़ता जा रहा है। इस मामले में सोमवार सुबह 11 बजे राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी उच्च स्तरीय छानबीन समिति के समक्ष व्यक्तिगत रूप से पेश होंगी, जहां उनकी जाति से जुड़े दस्तावेजों की गहन जांच की जाएगी।
हाईकोर्ट के निर्देश पर हो रही है जांच
गौरतलब है कि यह पूरी जांच माननीय हाईकोर्ट के कड़े निर्देशों के बाद की जा रही है। इस मामले की गंभीरता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि जांच के सिलसिले में राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी के मायके और ससुराल, दोनों ही स्थानों पर प्रशासन द्वारा मुनादी भी कराई जा चुकी है।
कांग्रेस ने चुनाव के समय उठाए थे सवाल
राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी के अनुसूचित जाति (SC) प्रमाण पत्र को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल रखा है। कांग्रेस अनुसूचित जाति विभाग के प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप अहिरवार ने चुनाव के दौरान ही प्रतिमा बागरी के इस जाति प्रमाण पत्र पर गंभीर सवाल खड़े किए थे और इसे पूरी तरह से अवैध और वैधानिक नियमों के खिलाफ बताया था। कांग्रेस का आरोप है कि गलत तथ्यों के आधार पर यह प्रमाण पत्र प्रस्तुत किया गया है।
Follow the LALLURAM.COM MP channel on WhatsApp
https://whatsapp.com/channel/0029Va6fzuULSmbeNxuA9j0m

