० तीन जिलों के अधिकारियों के साथ विभागवार समीक्षा, पारदर्शिता, जवाबदेही और तकनीक आधारित प्रशासन पर जोर

गिरिडीह। झारखंड सरकार के वित्त, वाणिज्य-कर, योजना एवं विकास तथा संसदीय कार्य मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने रविवार को गिरिडीह पहुंचकर तीन जिलों के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की। नए परिसदन में आयोजित इस बैठक में गिरिडीह, हजारीबाग और देवघर के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। मंत्री ने विभागीय कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा करते हुए योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और राजस्व संग्रह में तेजी लाने के निर्देश दिए।

बैठक के दौरान वाणिज्य कर, योजना एवं विकास विभाग से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। मंत्री ने राजस्व संग्रह की स्थिति, विभागीय उपलब्धियों, योजनागत व्यय, लक्ष्य प्राप्ति और आगामी कार्ययोजना की समीक्षा करते हुए अधिकारियों से परिणाम आधारित कार्य संस्कृति अपनाने को कहा।


नियमित मॉनिटरिंग, जवाबदेही और बेहतर समन्वय जरूरी
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पहुंचे। इसके लिए योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग, जवाबदेही और बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।

वाणिज्य कर विभाग के अधिकारियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कर संग्रह के निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रभावी रणनीति अपनाने, कर प्रशासन को तकनीक आधारित और अधिक पारदर्शी बनाने तथा करदाताओं को समयबद्ध और बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

विभागीय अधिकारियों ने पेश की प्रगति रिपोर्ट
बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारियों ने अपनी-अपनी प्रगति रिपोर्ट और उपलब्धियां प्रस्तुत कीं। समीक्षा के बाद मंत्री ने कहा कि सभी विभाग बेहतर समन्वय, पारदर्शिता और उत्तरदायित्व के साथ कार्य करें, ताकि सुशासन और राज्य के समग्र विकास के लक्ष्य को प्रभावी ढंग से हासिल किया जा सके।

बैठक से पहले गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार ने मंत्री राधाकृष्ण किशोर का स्वागत किया।