कुंदन कुमार, पटना। बिहार सरकार में जदयू कोटे से मंत्री सुनील कुमार आज सोमवार (29 जून) को पार्टी कार्यालय में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम में आए लोगों की समस्याओं को सुना और मौके पर उनका समाधान किया।

मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि, जनसुनवाई कार्यक्रम में जो आम लोग शिकायत लेकर आते हैं, उसका त्वरित समाधान हम लोग कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि आज भी ग्रामीण सड़क से जुड़े कई मामले का समाधान किया गया है।

तेजस्वी के बया दे देने से कुछ नहीं होगा- सुनील कुमार

इस दौरान उन्होंने नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के बयान को लेकर सुनील कुमार ने कहा कि, जिस मामले पर वो बात कर रहे हैं, उस पर बिहार सरकार ने ही कारवाई की है। सरकार ऐसे मामले को गंभीरता से लेती है। हमारे नेता नीतीश कुमार ने जो पैमाना बनाया है, भ्रष्टाचार को लेकर उस पर सरकार लगातार काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि, तेजस्वी यादव को ये सब समझना चाहिए था। वैसे ही बयान दे देने से कुछ नहीं होगा। जनता देख रही है कि किस तरह भ्रष्टचारी अधिकारियों को भी बख्शा नहीं जा रहा है। बता दें कि कल रविवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हुए तेजस्वी यादव ने रिशु श्री घोटाला समेत अन्य कई मुद्दों को उठाते हुए पूर्व सीएम नीतीश कुमार को भ्रष्टाचार का भीष्म पितामह बताया था।

तेजस्वी को रखनी चाहिए भाषा की मर्यादा

सुनील कुमार ने आगे कहा कि, तेजस्वी यादव नेता प्रतिपक्ष हैं, उन्हें किसी भी मामले पर बोलने का हक है। लेकिन किसी पर भी बयानबाजी करने से पहले उन्हें अपनी भाषा पर मर्यादा रखनी चाहिए। हर जनप्रतिनिधि का सार्वजनिक जीवन में भाषा की गरिमा बनाए रखना और शालीनता का पालन करना उसकी जिम्मेदारी है।

राबड़ी आवास खाली कराने को लेकर कही ये बात

वहीं, राबड़ी आवास (10 सर्कुलर रोड) को खाली कराने को लेकर विपक्ष द्वारा लगाए जा रहे आरोपों पर मंत्री सुनील कुमार ने कहा कि, यह पूरी तरह से एक कानूनी और प्रशासनिक प्रक्रिया है। इस संबंध में भवन निर्माण विभाग पहले ही अपनी स्थिति साफ कर चुका है। उन्होंने कहा कि, नियमों के तहत ही सरकारी आवासों का आवंटन और खाली कराया गया है।

ये भी पढ़ें- ​10 सर्कुलर रोड से विदाई, तेजस्वी यादव ने छोड़ा राबड़ी आवास, शिफ्ट किया अपना पूरा ठिकाना